सिंगरौली में वृद्ध महिला का गैंगरेप, 5 लोगों ने झाड़ियों में किया दुष्कर्म, 2 आरोपी नाबालिग

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में 60 वर्षीय महिला का गैंगरेप, नशे में धुत पांच दरिंदों ने वृद्ध को बनाया हबस का शिकार, दो आरोपी 18 साल से कम उम्र के, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated: Aug 17, 2021, 04:54 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 5 दरिंदों ने एक वृद्ध आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने नशे में धुत होकर 60 वर्षीय वृद्ध को अपनी हबस का शिकार बनाया। आरोपियों में दो लोगों की उम्र 18 वर्ष से भी कम है।

सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयंत चौकी की है। बताया जा रहा है कि रविवार रात महिला जब अपने घर जा रही थी तब इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता के मुताबिक रेलवे क्रासिंग के पास पांच लोग उसे जबरन खींचते हुए झाड़ियों की ओर ले गए। यहां उन्होंने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए सामुहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: राजधानी भोपाल में जारी है कोरोना टेस्टिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा

यहां से बचकर महिला किसी तरह जयंत चौकी में पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है। वहीं पीड़िता का भी मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। 

बता दें कि मध्य प्रदेश में जनवरी 2017 से जून 2021 के बीच बलात्कार के 26 हजार 708 मामले दर्ज किए गए हैं। 37 मामले ऐसे हैं जिनमें गैंगरेप के बाद पीड़िता की हत्या कर दी गई। वहीं, इस दौरान नाबालिग लड़कियों के अपहरण के 27 हजार 827 मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य सरकार ने ही पिछले हफ्ते यह जानकारी दी थी।