सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में घास खाता दिखा बाघ, वन विभाग के कर्मचारियों ने कैमरे में कैद किया

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में एक बाघ को घास खाते देखा जा सकता है

Updated: Jul 01, 2021, 10:56 PM IST

Photo Courtesy: Dreamstine
Photo Courtesy: Dreamstine

होशंगाबाद। बाघ का नाम सुनते ही एक खूंखार मांसाहारी जानवर की तस्वीर आंखों के सामने आती है। लेकिन यदि कोई कहे कि बाघ घास चर रहा है, तो इसपर यकीन करना बेहद मुश्किल है। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाघ को साफ तौर पर घास खाते देखा जा सकता है।

वीडियो मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का है। इसे खुद वन विभाग के कर्मचारियों ने ही शूट किया है। सुनने में यह जरूर अटपटा लग रहा है लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है की अक्सर बाघ थोड़ा-बहुत घास खाता है। बाघ ऐसा अपने पाचन तंत्र को मजबूत करने के किए करता है। 

दरअसल, लगातार मांस खाते-खाते जब जंगली जानवरों का पाचन तंत्र गड़बड़ होता है तो वे उसे ठीक करने के लिए घास खाते हैं। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एल कृष्णमूर्ति के मुताबिक सिर्फ टाइगर ही नहीं, अन्य वन्य जीव भी इस तरह के प्रयोग करते हैं।

यह भी पढ़ें: तेंदुए ने दो भाइयों पर किया हमला, जान बचाने के लिए भूखे तेंदुए को खिलाया बर्थडे केक

साल 1981 में नेशनल पार्क बनाया गया सतपुड़ा टाइगर रिजर्व करीब 524 किलोमीटर स्क्वायर भूभाग में फैला हुआ है। राजधानी भोपाल से 210 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस उद्यान में 1350 मीटर ऊँची धूपगढ़ शिखर भी है, और सपाट मैदान भी हैं। इस पार्क से सबसे नजदीकी शहर पचमढ़ी है और नजदीकी रेलवे स्टेशन पिपरिया है।