पंडित प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री को समस्या निवारण मंत्री बनाएं, कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज को लिखी चिट्ठी

कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने कहा कि जो काम शिवराज सरकार 18 वर्षों में नहीं कर सकी है वह काम ये दोनों महारथी चुटकियों में पूरा कर देंगे, इसलिए इन दोनों बाबाओं को मंत्री बनाया जाए।

Updated: Feb 21, 2023, 06:23 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज है। भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर कटाक्ष करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने सीएम शिवराज सिंह चौहान से बड़ी मांग की है। उन्होंने प्रदेश के दो चर्चित बाबाओं को कैबिनेट मंत्री बनाने को कहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जाए।

राकेश सिंह यादव ने इस संबंध में सीएम शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र भी लिखा है। राकेश सिंह यादव ने लेटर में लिखा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान को विशेष प्रावधानों का उपयोग करके समस्या निवारण मंत्रालय बनाकर पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देना चाहिए। दोनों को मंत्री बनाकर प्रदेश की जनता का कल्याण तत्काल करना चाहिए। ये दोनों ही मध्य प्रदेश समेत देश में अनेक दुखी, पीड़ित और परेशान लोगों की समस्याओं का समाधान करते हैं।

कांग्रेस नेता यादव ने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि, "शिवराज सरकार जो काम 18 वर्षों में नहीं कर पाई है। वहीं सारे काम यह दोनों महारथी चंद मिनटों में कर रहे हैं। जनता को भी इन पर पूरा विश्वास हैं। ऐसे में शिवराज सरकार के सामने अपनी नाकामी से छुटकारा पाने का सबसे बेहतर विकल्प दस्तक दे रहा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार 40 मंत्रियों को क्यों पाल रखी है। ये लोग कुछ नहीं कर रहे हैं। अगर ऐसे अद्भुत पंडित हमारे मध्यप्रदेश में मौजूद हैं तो सरकार क्या कर रही है। इन्हें मंत्री बनाए।"

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "पं प्रदीप मिश्रा का दावा है कि चमत्कारी अभिमंत्रित रुद्राक्ष पाने के बाद सारी तकलीफों से आम आदमी को राहत मिलेगी। मिश्रा की ज्ञान गंगा के अनुसार चमत्कारी रुद्राक्ष पाने से कई दिक्कतें दूर होगी। जो सरकार आज तक नहीं कर पाई है, उसे कथावाचक प्रदीप मिश्रा एक अभिमंत्रित रुद्राक्ष से करके दिखा रहे हैं। इसलिए शिवराज सरकार तत्काल यह व्यवस्था करें कि अब 46 लाख रुद्राक्ष की जगह साढ़े 7 करोड़ रुद्राक्ष पं मिश्रा से अभिमंत्रित कराकर राशन की दुकानों के माध्यम से गरीब जनता को निशुल्क वितरित कराएं। प्रदेश हित में मुख्यमंत्री तत्काल निर्णय करके पंडित प्रदीप मिश्रा को कैबिनेट मंत्री बनाकर विकास और आनंद की गंगा बहा दें।"

यादव ने बागेश्वर धाम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी अपनी सारी ऊर्जा का इस्तेमाल प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं को पन्ने पर लिखकर समाधान करने में लगा रहे हैं। लाखों लोगों को फायदा पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। प्रदेश के दुखी और कमजोर लोगों की समस्याओं का पन्ना लिखकर समस्या निवारण करने वाले धीरेंद्र शास्त्री ऐसा काम कर रहे हैं, जो आज तक शिवराज सरकार के एक भी कैबिनेट मंत्री नहीं कर सके हैं। उनसे प्रदेश में परेशान 35 लाख बेरोजगारों का पर्चा लिखा कर बेरोजगारी की समस्या का समाधान मिनटों में हो जाएगा। मुख्यमंत्री ऐसे धीरेंद्र शास्त्री को तत्काल कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर धार्मिक समस्या निवारण मंत्रालय का मंत्री बनाना चाहिए, जिससे की प्रदेश के नागरिकों का भूतकाल, भविष्य काल और वर्तमान काल का पता चलेगा।"