नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बच्चों के एक अस्पताल में शनिवार देर रात बड़ी आग लगने से 7 नवजात मासूमों की मौत हो गई है। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में 12 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था, जिनमें से 7 ने दम तोड़ दिया। वहीं, 5 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और एक वेंटिलेटर पर है।

दिल्ली फायर सर्विस चीफ अतुल गर्ग ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। हालांकि, शुरुआती जांच में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। बेबी केयर सेंटर के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर अवैध ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग का काम चल रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की कुल 16 गाड़ियां पहुंचीं। इनमें से एक बच्चे की मौत आग लगने से पहले ही हो चुकी थी। आग की लपटें बिल्डिंग के तीनों फ्लोर पर फैली थी।

बेबी केयर सेंटर में धुआं भरने के कारण यहां भर्ती 12 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। दमकल की टीम और स्थानीय लोगों ने लकड़ी की सीढ़ियों पर चढ़कर खिड़की से बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक धुएं में दम घुटने से 6 बच्चों की मौत हो गई थी। ऐसे में आग लगने से कुल 7 बच्चों की मौत हो गई। जबकि पांच की हालत गंभीर है।