जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद, रेस्टोरेंट संचालक पर हमला कर लूटपाट

जबलपुर में चार बदमाशों ने एक रेस्टोरेंट के मालिक पर हमला कर दिया और उनका मोबाइल और कैश छीनकर भाग गए, तलाश में जुटी पुलिस

Updated: Feb 16, 2021, 07:19 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

जबलपुर। कुंडम इलाके के बघराजी प्रेमनगर में चार बदमाशों ने ग्राहक बनकर सुकून रेस्टोरेंट में लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सोमवार देर रात रेस्टोरेंट पर हमला बोला। उस समय मालिक दुकान का हिसाब किताब कर रहा था। तभी चार नकाबपोश बदमाश दुकान में आए और पीने का पानी मांगा, किसी ने नमकीन तो किसी ने दूसरी खाने पीने की चीजों की मांग की।

जैसे ही रेस्टोरेंट संचालक सामान निकालने के लिए आगे बढ़ा आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और वहां रखा मोबाइल और कैश लेकर चंपत हो गए। बदमाशों ने होटल संचालक सुरेश कनौजिया के पैर में चाकू से वार किया, और जैसे ही वह घायल हो गया एक बदमाश ने काउंटर पर रखे करीब साढ़े 14 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया।

इस दौरान रेस्टोरेंट में चाय पी रहे कुछ ग्राहकों और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन चारों बदमाश भाग खड़े हो हुए। रेस्टोरेंट संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों  खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस चारों की तलाश में जुटी है आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाएगी।