MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शराब कांड के बाद सागर और देवास के कलेक्टर-एसपी हटाए गए
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सागर, देवास और सिवनी जिले के कलेक्टर बदल दिए गए हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के चार अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण सागर और देवास जिले का है। जहरीली शराब से मौतों के बाद अब सरकार ने दोनों जिलों के कलेक्टर और एसपी बदल दिए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल में प्रबंध संचालक के तौर पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक 2014 बैच के आईएएस अधिकारी दिलीप कुमार यादव को सागर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
उधर, देवास कलेक्टर ऋतुराज को भी हटा दिया गया है। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी, देवास कलेक्टर ऋतुराज को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। 2014 बैच की आईएएस अधिकारी सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थ 2017 बैच की आईएएस अदिकारी अंजू अरुण कुमार को सिवनी जिले का नया कलेक्टर बनाया गया गया है। इस तरह सिवनी जिले में नेहा मीना के स्थान अंजू अरुण कुमार प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद सागर, देवास और सिवनी जिलों में नए कलेक्टर अब से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, प्रतिमा पाल पर्यटन विकास निगम की कमान संभालेंगी और ऋतुराज सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव के रूप में काम करेंगे।




