पूर्वांचल एक्‍सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, कई लोग घायल

मानहानि मामले में सुल्‍तानपुर कोर्ट में पेशी पर आ रहे राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में राहुल गांधी सुरक्षित हैं।

Updated: Oct 26, 2026, 11:28 AM IST

Representative Image
Representative Image

नई दिल्ली। दिल्‍ली से उत्तर प्रदेश के सुल्‍तानपुर आ रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले में बड़ा हादसा हो गया। सोमवार को पूर्वांचल एक्‍सप्रेसवे पर काफिले की पांच गाड़ियां और एंबुलेंस आपस में टकरा गए। 91 KM माइलस्टोन के पास हुई इस दुर्घटना में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की खबर आई है। हालांकि, राहुल गांधी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राहुल गांधी सुल्‍तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होने के लिए जा रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम ने राहत और बचाव कार्य चलाया। हादसे में घायल कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह के विरुद्ध बयान से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी सुल्‍तानपुर कोर्ट पहुंचने वाले हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट इस केस में फैसला सुना सकता है। कोर्ट ने इसके लिए राहुल गांधी को व्‍यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।

मानहानि का ये मामला 2018 का है, जिसमें बेंगलुरु में एक सम्मेलन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी की थी। इसके बाद तत्कालीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी विजय मिश्रा ने राहुल गांधी की टिप्पणी से आहत होने का हवाला देते हुए सुल्तानपुर की अदालत में उनके खिलाफ मानहानि का परिवाद दाखिल किया था। इस मामले में राहुल गांधी को भी एमपी-एमएलए कोर्ट ने 16 दिसंबर 2023 को तलब किया था। इसके बाद राहुल गांधी अदालत में पेश हुए और उन्हें जमानत मिली।

फरवरी 2024 में सुल्तानपुर की विशेष अदालत ने उन्हें जमानत दी थी। उस समय राहुल गांधी ने आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया था। इसके बाद मामले में बयान और अन्य न्यायिक कार्यवाही आगे बढ़ी। साक्ष्य संबंधी कार्यवाही पूरी होने के बाद अदालत ने अंतिम बहस के लिए मामला तय किया था। अब देखना होगा कि आज न्यायालय का क्या फैसला होता है।