MP में मानसून सक्रिय, भोपाल समेत 5 संभागों में झमाझम बारिश का दौर, बढ़ने लगा तालाबों का जलस्तर

Publish: Sep 15, 2023, 09:57 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून मेहरबान है। बीते हफ्ते भर से भोपाल में मध्यम बारिश हो रही थी। आज सुबह से भोपाल में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। भोपाल के साथ प्रदेश के 5 संभाग भी आज तेज बारिश में भीग रहे हैं। इंदौर,उज्जैन, नर्मदापुरम, सागर, संभाग में सुबह से बारिश जारी है। मध्य प्रदेश के 20 जिलों में आज तेज बारिश का अनुमान है। वहीं कुल 36 जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

13 सितंबर से मानसून का नया सिस्टम मध्य प्रदेश में एक्टिव हुआ था जो अब 17 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान 15 और 16 को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश होगी। इसके बाद साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 21 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश होगी।सितंबर लगातार हो रही बारिश से प्रदेश में औसत बारिश का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। अगस्त में खाली पड़े हुए डैम और जलाशाय अब भरने लगे हैं।

भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर और छतरपुर में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

नर्मदापुरम के तवा डैम में वॉटर लेवल फुल टैंक से ऊपर चला गया है। इस सीजन में दूसरी बार तवा डैम के गेट खोलने पड़े हैं। वहीं भोपाल के बड़े जलाशयों में भी जलस्तर में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने 22 से 23 सितंबर तक बारिश का अनुमान लगाया है। इसके चलते माना जा सकता है कि भोपाल के सभी जलाशय इस बारिश से फुल हो जाएंगे। हालांकि, प्रदेश में कुल औसत बारिश अभी भी 12% कम है। अभी तक प्रदेश में 30.76 इंच बारिश हुई है जबकि समान्य बारिश का औसत 34.19 है।