मुरैना: कृषि मंडी में दो पक्षों में विवाद, फ़ायरिंग में एक घायल

पीडावली अनाज मंडी की वारदात, बिना नंबर आए जबरन बाजरा तुलवाना चाहता था आरोपी, एतराज जताने पर चलाई गोली

Updated: Nov 30, 2020, 02:58 PM IST

Photo Courtesy: Haribhoomi
Photo Courtesy: Haribhoomi

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना की कृषि मंडी में बाजरा तौल को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की खबर है। बताया जा रहा है कि स्थानीय कृषि मंडी में बिना नंबर टोकन के ट्रॉली तुलवाने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक किसान को गोली लग गई जिसका इलाज चल रहा है।

जानकरी के मुताबिक पिडावली अनाज मंडी प्रांगण में बाजरा की फसल तुलाई को लेकर रविवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोपी गंजरामपुर का किसान विनोद गुर्जर बिना टोकन लिए जबरन अपना ट्रॉली तुलवाना चाहता था। इस बात को लेकर मंडी अधिकरियों सहित पहले से कतार में खड़े किसानों ने आपत्ति दर्ज कराई। इस पर विनोद गुर्जर तमतमा उठा और 10-12 राउंड फायरिंग की।

गोलीबारी में एक किसान गोली लगने से घायल हो गया। सोसाइटी में हुए गोलीकांड के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।