MP: खरगोन में पेट्रो कंपनी में लगी भीषण आग, हादसे में तीन लोग हुए घायल

करीब एक दर्जन दमकलों ने करीब एक घंटे में की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से तीन लोग झुलस गए।

Updated: Mar 06, 2024, 11:13 AM IST

खरगोन। मध्य प्रदेश के हरदा स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट का मामला शांत भी नहीं हुआ कि खरगोन में पेट्रो कंपनी में भीषण आग लगने की खबर आई है। ये आग इतनी भयानक था कि इसकी लपटें करीब 50 फीट ऊपर तक धधक रही थी। लपटें और धुएं का गुबार निकलने से हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद कलेक्टर कर्मवीर शर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए थे।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार-बुधवार की रात खरगोन जिले के निमरानी औधोगिक क्षेत्र में ऑयल बनाने वाली एक पेट्रो कंपनी में भीषण आग लग गई। हालांकि करीब एक दर्जन दमकलों ने करीब घंटेभर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से तीन लोग मामूली रूप से झुलस कर घायल हो गए थे। इन सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।

गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। आग पर काबू के बाद कलेक्टर कर्मवीर शर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने जांच के आदेश दे दिए हैं। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने बताया की आग लगने के कारण की जांच पुलिस के साथ ही एसडीएम की अध्यक्षता में उद्योग सहित 5 विभागों के अधिकारी करेंगे।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों की औधोगिक क्षेत्र की सभी फैक्ट्रियों के नियमानुसार जांच भी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि आग की घटना में न तो कोई जनहानि नहीं हुई है और न ही कोई बड़ा नुकसान ही हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जो इलाज के बाद अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।