MP Crime : पति के सामने महिला से गैंगरेप के आरोपी अब तक फ़रार

Crime Against Women in MP : राज्य महिला आयोग अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि महिला सुरक्षा में BJP सरकार फेल

Publish: Jul 18, 2020, 07:59 AM IST

बड़वानी। जिले के बरुफाटक गांव के पास 30 वर्षीय एक महिला के साथ 14 जुलाई की दोपहर में उसके पति के सामने गैंग रेप हुआ। आरोपियों ने दंपति के पास रखे 24,000 रुपये लूटे और फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, लूट और मारपीट के मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है

मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा की दयनीय स्थिति पर गंभीर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बड़वानी में महिला के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना को प्रदेश के माथे पर कलंक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला अत्याचार, बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म की सिलसिलेवार घटनाओं ने प्रदेश के नागरिकों, खासकर बच्चियों और महिलाओं को दहला कर रख दिया है। गुना में दलित महिला के साथ पुलिस बर्बरता और बड़वानी में एक महिला से गैंगरेप मारपीट और लूट की घटना ने प्रदेश को शर्मसार कर दिया है

शोभा ओझा ने सरकार से मांग की है कि बड़वानी गैंगरेप के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। शोभा ओझा ने प्रदेश के मुख्य मंत्री पर भी निशाना साधा उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा पर वास्तविक और ठोस कदम उठाए, ताकि प्रदेश की महिलाएं निडर होकर प्रदेश में रह सकें।

ग़ौरतलब है कि बड़वानी में महिला अपने पति के साथ बाइक पर कटनीपूरा से गोरवाड़ी, जुलवानिया जा रही थी। तभी वह दोनों बरुफाटक के पास शौच के लिए रुके। महिला जंगल की तरफ शौच के लिए चली गई। पति का कहना है कि जब काफी देर तक उसकी पत्नी वापस नहीं लौटी, तो उसने जंगल में जाकर देखा तो चार व्यक्ति उसकी पत्नी को घेरे हुए थे। चारों आरोपियों ने महिला के पति को बांध दिया और महिला के साथ गैंग रेप किया ।