MP में 50 लाख लोगों को कांग्रेस का सदस्य बनाएगी कांग्रेस, कमल नाथ ने किया एलान

राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत हो चुकी है, भोपाल में सदस्यता अभियान का शुभांरभ करते हुए कमल नाथ ने यह एलान किया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश से करीब 50 लाख लोगों को कांग्रेस का सदस्य बनाएगी

Publish: Nov 01, 2021, 12:29 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत मंगलवार को हो गई। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश से करीब 50 लाख लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।  

सदस्यता अभियान के दौरान पीसीसी चीफ कमल नाथ ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस है और आज हम सदस्यता अभियान भी चला रहे हैं। इस अवसर पर हमें यह संकल्प लेना होगा की प्रदेश विकास की पटरी पर दौड़े। कमल नाथ ने शिवराज सरकार के आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आज प्रदेश के युवा रोज़गार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। युवाओं और किसानों के हालात में बदलाव लाने की ज़रूरत है। कमल नाथ ने कहा कि यह सिर्फ घोषणाओं और कलाकारी संभव नहीं हो सकता। बल्कि इसके लिए सोच और विचार पैदा करने की दरकार है। कमल नाथ ने कहा कि हमारा राज्य पांच अन्य राज्यों से घिरा हुआ है, इसे एक नई पहचान देने की आवश्यकता है। 

कांग्रेस के सदस्यता अभियान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी पीसीसी कार्यालय में मौजूद रहे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल, पूर्व मंत्री व विधायक पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र कुमार सिंह, विधायक आरिफ मसूद व बैतूल विधायक निलय डागा, भूपेंद्र गुप्ता व नरेंद्र सलूजा  समेत वरिष्ठ नेताओं व सैकड़ों नव युवक और युवतियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं महिला कांग्रेस ने भी 18 वर्ष से ऊपर की युवतियों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। 

कांग्रेस का यह सदस्यता अभियान अगले साल 31 मार्च तक चलेगा। देश भर में लोगों को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इस अभियान की योजना 16 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय में हुई कार्यसमिति की बैठक के दौरान तैयार की गई थी। इसके साथ ही इसी महीने 14 से 29 नवंबर तक कांग्रेस देश भर में महंगाई के मुद्दे पर जनजागरण अभियान भी चलाने वाली है।