MP: कटोरा लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक, सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डुबोने के आरोप

मध्य प्रदेश कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ हमलावर है, महंगाई, रोजगार, खाद, बीज, किसान जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के नेता सरकार से सवाल कर रहे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं।

Updated: Dec 17, 2024, 02:45 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक मंगलवार को कटोरा लेकर विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस विधायकों ने इस दौरान सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डुबोने के आरोप लगाए।

दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे कर्ज के विरोध में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक हाथों में कटोरा लेकर विधानसभा पहुंचे। विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि ये कटोरा दिखा रहा है कि भाजपा सरकार मध्यप्रदेश को भिखारियों का प्रदेश बनाने की ओर ले जा रही है। एमपी में प्रत्येक व्यक्ति पर कर्ज करीब 50 हजार रुपए हो चुका है। इस कर्ज से सरकार की सुख सुविधाएं पूरी हो रही हैं। बिना किसी प्लानिंग के हर 5-10 दिन में कर्ज लिया जाता है।

राघौगढ़ से कांग्रेस विधायक जयवर्द्धन सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान विधानसभा की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'विधानसभा की अहमियत और गंभीरता पर संदेह लग रहा है। विधानसभा में प्रश्न पूछने पर यह लगता है कि सही जवाब मिलेगा या नहीं। सिर्फ विपक्ष ही नहीं, सत्ता पक्ष के नेता भी विधानसभा की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने पिछले सत्र में मेरे प्रश्न का भी गलत उत्तर दिया गया था। कल उन्होंने इसे सुधारा।'

खुरई से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आज भी अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मैंने व्यवस्था सुधारने के लिए कहा है। विधायक हूं, यह मेरी ड्यूटी है। सरकार के लोग ध्यान में नहीं लाएंगे तो गड़बड़ी ठीक कैसे होगी। हम अधिकारियों को खुली छूट दे दें क्या? दरअसल, सोमवार को उन्होंने स्कूलों में बच्चों के यौन शोषण का मामला उठाते हुए कहा था कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं कई स्कूलों में हो रही हैं। अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के नाम पर व्यापार चल रहा है।

यह भी पढे़ं: खाद की खाली बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस MLA, सिंघार बोले- किसानों की बात नहीं सुन रही सरकार

वहीं, संबंधित मंत्री के जवाब पर भूपेंद्र सिंह ने कहा था कि जो जवाब सदन में दिया जाए, उसे चेक कर क्लियर कर लिया करें। मैं भी विधायक हूं। मेरा अपमान न करें कि अफसरों ने जो लिखकर दे दिया, उसे मान लिया। अफसरों ने लिखकर दे दिया कि कोई आक्रोश, कोई विरोध नहीं है तो मंत्रीजी ने मान लिया।