MP कांग्रेस की अहम बैठक, प्रदेश अध्यक्ष चयन का निर्णय सोनिया गांधी पर छोड़ने का प्रस्ताव पारित

बैठक के दौरान डेलीगेट्स को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ने कहा कि हम सड़कों पर आएंगे, लाठी खाएंगे और जेल भी जाएंगे, हमें एकजुट होकर इस गूंगी-बहरी शिवराज सरकार को हटाना है

Updated: Sep 17, 2022, 02:44 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस की आज अहम बैठक हुई। इस बैठक में पीसीसी चीफ कमलनाथ, राज्य प्रभारी जेपी अग्रवाल और कांग्रेस के डेलीगेट्स मौजूद थे। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने प्रस्ताव पेश किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, समस्त कार्यकारिणी, पदाधिकारियों, चुनाव समिति और एआईसीसी सदस्य मनोनीत करने के लिए AICC चीफ सोनिया गांधी को अधिकृत किया जाए। सभी डेलीगेट्स ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इस तरह प्रदेश कांग्रेस ने सारे बड़े फैसले लेने का अधिकार सोनिया गांधी को सौंप दिया है।

डरने की जरूरत नहीं है: कमलनाथ

डेलीगेट्स को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, 'कांग्रेस की संस्कृति हमेशा से जोड़ने की रही है और उसी संस्कृति के कारण आज देश का हर नागरिक एक झंडे के नीचे खड़ा है। हमारी उसी संस्कृति पर आज आक्रमण हो रहा है, समाज को बांटा जा रहा है, धर्म को बांटा जा रहा है, जाति को बांटा जा रहा है। हमारा मुकाबला बीजेपी से है, बीजेपी की नीतियों से है। केवल 12 महीने बचे हैं, आप लोग अभी से काम पर लग जाएं। जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। कांग्रेस सरकार में जो काम हुये, आप लोग मैदान में जाएं तो सीना ठोक कर जनता से कह सकते हैं, डरने की जरूरत नहीं है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही कांग्रेस को फिर सत्ता में ला सकती है।'

कमलनाथ ने आगे कहा कि, 'मोदी जी रोजगार की बात नहीं करेंगे, किसानों की बात नहीं करेंगे। हमेशा से जनता का ध्यान मोड़ने की राजनीति भाजपा करती आई है। जीएसटी-नोटबंदी से हर नागरिक परेशान है, देश में आर्थिक संकट खड़ा कर दिया गया है। किसान खाद बीज के लिए भटक रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है, यदि गांव ही मजबूत नहीं होंगे तो प्रदेश मजबूत कैसे होगा। मोदी जी आज चीते छोड़ने का इंवेट कर रहे हैं। वह भी वहां जहां सबसे ज्यादा बच्चे कुपोषित है।' भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कमलनाथ ने कहा कि, 'इस यात्रा से जुड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा ध्यान मोड़ने के लिए तरह-तरह की कलाकारी कर रही है।'

जयचंद ने सरकार गिराई: जेपी अग्रवाल

इस दौरान प्रभारी जेपी अग्रवाल ने कहा कि, 'हमें जिंदा कांग्रेस चाहिए। अगर कोई फेसबुक, व्हाट्सएप पर चार लोगों के साथ फोटो भेज देंगे तो ये नहीं चलेगा। जमीन पर काम करना पड़ेगा। AICC से जो प्रोग्राम आता है वो सड़क का प्रोग्राम होता है एक-दो कमरे का प्रोग्राम नहीं होता। मैं हर जिले में जाकर एक-एक व्यक्ति को पहचानूंगा। मैं खुद देखूंगा कि जिला कांग्रेस कमेटी, हमारे विधायक और पदाधिकारी क्या काम कर रहे हैं। कौन क्या काम कर रहा है। कितनी मेहनत कर रहा है किस तरह से आप काम कर रहे हैं। हमारी मप्र में सरकार नहीं गिरती लेकिन कुछ जयचंदों के कारण सरकार चली गई। कोई बात नहीं राजनैतिक पार्टियों के सामने चुनौतियां आती रहती हैं। इन चुनौतियों का सामना करते हुए हम मप्र में फिर से सरकार बनाएंगे।'