MP: राहुल गांधी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, चंबल पुल के पास आदिवासी कलाकारों ने किया पारंपरिक नृत्य

सुरक्षा कारणों को लेकर यात्रा के रूट को नो फ्लाइंग जोन बनाया गया है। साथ ही ग्वालियर-मुरैना में करीब 3 हजार जवान और अफसर उनकी सुरक्षा में तैनात किए जा रहे हैं।

Updated: Mar 02, 2024, 04:12 PM IST

मुरैना। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 49वां दिन है। राहुल गांधी की अगुवाई में यात्रा आज राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के मुरैना में प्रवेश कर गई। राहुल गांधी के स्वागत में मुरैना में जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहां चंबल पुल पर डिंडोरी से आए आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। 

राहुल गांधी चंबल पुल को क्रॉस कर राजस्थान से मध्य प्रदेश की सीमा में पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश के बाद मध्य प्रदेश में यात्रा की सुरक्षा के लिए चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से यात्रा के रूट को नो फ्लाइंग जोन बनाया गया है। 

ग्वालियर-मुरैना में करीब 3 हजार जवान और अफसर उनकी सुरक्षा में तैनात किए जा रहे हैं। आईजी अरविंद सक्सेना खुद राहुल गांधी की न्याय यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। 

ग्वालियर से रवाना होकर यात्रा शिवपुरी और गुना जाएगी। इस दौरान पुलिस के साथ रिजर्व बल के जवान तैनात रहेंगे। दरअसल, नासिक पुलिस को राहुल गांधी पर हमले की इनपुट मिली थी।

 और पढ़े: कल MP में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा, मुरैना से एंट्री और रतलाम से एग्जिट, जानें पूरा शेड्यूल

एहतियातन केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट कर दिया है और उनकी सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। 

थोड़ी देर में मुरैना के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में राहुल गांधी आमसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वे भाजपा की नाकामी और विफलताओं को उजागर करेंगे। अंबेडकर स्टेडियम में मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में राहुल गांधी भी पहुंचेंगे। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले यहां बारिश शुरू हो गई लेकिन लोग बारिश में भी डटे हुए हैं।