MP Election 2023: कमीशनबाजी पर चल रहा है भाजपा का शासन, रेट लिस्ट टंगी हुई है: दिग्विजय सिंह

बमोरी में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पर बरसे दिग्विजय सिंह, कहा- कांग्रेस सरकार में सिसोदिया को मंत्री बनाया गया था, सम्मान से रखा, लेकिन इन्होंने ही सरकार गिरवा दी।

Updated: Nov 11, 2023, 12:50 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को गुना पहुंचे। यहां उन्होंने बमोरी विधानसभा के फतेहगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सिंह इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया और पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है और हम वचन पत्र में जिक्र सभी वादों को पूरा करेंगे।

फतेहगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि अग्रवाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि आपने 2018 में कांग्रेस को जिताया। महेंद्र सिंह सिसोदिया को जिताया। सरकार बनने पर उन्हें कमलनाथ जी ने सिंधिया जी की सिफारिश पर मंत्री बनाया। लेकिन न जाने क्या क्या लेकर मंत्री ने सरकार गिरवा दी। दिग्विजय सिंह ने महेंद्र सिंह सिसौदिया के विभाग और पूरी भाजपा सरकार पर जमकर भ्रष्टाचार करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन कमीशनबाजी पर चल रहा है, रेट लिस्ट टंगी हुई है कि इतना पैसा ले आओ और मंजूरी ले जाओ।''

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: तोमर के बेटे का वीडियो वायरल, CBI-ED ने कार्रवाई क्यों नहीं की: राहुल गांधी

दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2003 से लगातार भाजपा की सरकार है। हम लोगों ने 1993 से 2003 के बीच मे जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, तो अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को अधिकार दिए। खेती के लिए पट्टे दिए। आवास के पट्टे दिए। पंचायती राज दिया, जिसमे शिक्षाकर्मी, पंचायत कर्मी की नियुक्तियां हुईं। जन स्वास्थ्य रक्षक बने। पूरे तरीके से जो लोग चुनकर आते थे ग्राम पंचायत में, उनको अधिकार मिले। नामांतरण-बंटवारा पंचायत में ही हो जाता था। अब हर नामांतरण-बंटवारे में पैसा लगता है। नियुक्तियां नहीं हो रही हैं। व्यापम हो रहा है। गरीबों के बच्चों को नौकरियां नहीं मिलीं, क्योंकि उनके पास पैसा नहीं था रिश्वत देने के लिए। SC-ST के बैकलॉग के पद खाली पड़े हुए हैं।

आदिवासियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के रवैये में अंतर बताते हुए दिग्विजय ने पेशाब काण्ड का जिक्र किया। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को पेशाब दी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सरकार ने आदिवासी, सहरिया महिलाओं को हर महीने पैसे देने की योजना लागू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उनके खातों में पैसे ही नहीं डाले। बमौरी क्षेत्र में खेरूआ आदिवासियों के प्रमाण पत्र नहीं बनने का मुद्दा भी दिग्विजय सिंह ने उठाया। किसानों का जिक्र करते हुए सिंह ने बताया कि इस समय किसानों को खाद और बिजली नहीं मिल रही है। खाद की जमकर कालाबाजारी की जा रही है। कांग्रेस की सरकार आई तो महंगाई से राहत भी दिलाई जाएगी।

पूर्व सीएम ने सिंधिया परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि इतने बड़े घराने का व्यक्ति ने कांग्रेस से गद्दारी कर दी। कांग्रेस ने उन्हें क्या नहीं दिया? मंत्री बनाया, सम्मान से रखा, लेकिन क्या कारण है कि वह छोड़कर चले गए? ज्योतिरादित्य के पिता माधवराव सिंधिया को बड़े महाराज कहकर संबोधित करते हुए दिग्विजय ने कहा कि बड़े महाराज को भी इंदिरा और राजीव गांधी ने मंत्री बनाया था।