MP Election 2023: दतिया में मां पीतांबरा की प्रार्थना से शुरूआत, कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन और रैली में शामिल होंगे दिग्विजय सिंह

दतिया स्थित पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे दिग्विजय सिंह, मां बगुलामुखी से की प्रदेश की खुशहाली की कामना, राजेंद्र भारती के नामांकन में होंगे शामिल

Updated: Oct 30, 2023, 10:25 AM IST

MP Elections 2023: मध्य प्रदेश में चुनाव के आखिरी तीन हफ्ते बचे रह गए हैं। आज नामांकन का आखिरी दिन है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रचार के आखिरी दिनों में ताबड़तोड़ दौरे करने का प्लान तैयार किया है। सिंह प्रचार अभियान की शुरूआत सोमवार को दतिया से कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने राजसत्ता और शत्रु नाश की अधिष्ठात्री देवी मां बगलामुखी का आशीर्वाद लिया।

जानकारी के मुताबिक पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह देर रात करीब दतिया पहुंच गए थे। रात्रि विश्राम के बाद सुबह वे सर्वप्रथम पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचे। पूर्व सीएम यहां पारंपरिक वेशभूषा में पीतांबरा माई की पूजा-अर्चना करते दिखे। पीठ पर स्थित अन्य मंदिरों पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने माथा टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली समस्त नागरिकों के स्वास्थ की कामना की। 

पीतांबरा पीठ पर मां बगुलामुखी से विजय का आशिर्वाद लेकर पूर्व सीएम दतिया में रैली करेंगे। इससे पहले वे कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती के नामांकन में शामिल होंगे। तत्पश्चात आम सभा को संबोधित करेंगे। सिंह का दतिया दौरा इसलिए अहम बन गया है कि यहां कांग्रेस की टक्कर राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से है। कड़े मुकाबले को देखते हुए दतिया में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार को भी बदला है।

यह भी पढ़ें: MP Elections 2023: कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की अमित शाह की शिकायत, अधिकारियों को धमकाने का आरोप

दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस इस बार विशेष फोकस कर रही है। कांग्रेस ने यहां एक बार फिर से राजेंद्र भारती पर भरोसा जताया है। 2018 के चुनाव में जहां डॉ नरोत्तम मिश्रा को 72 हजार 209 मत मिले थे, वहीं भारती 69 हजार 553 वोट पा सके। यानी भारती महज ढाई हजार वोटों के मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। इस बार कांग्रेस ने यहां पूरा दमखम लगा दिया है। भाजपा के कद्दावर नेता अवधेश नायक को भी पार्टी में शामिल कराया गया है, इससे भाजपा यहां कमजोर हुई है। अब देखना होगा की इस बार कांग्रेस की रणनीति कितना कामयाब होती है।