MP Election 2023: आज विजयवर्गीय के चुनाव क्षेत्र में रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी, तीन दिन में इंदौर का दूसरा दौरा

प्रियंका गांधी सांवेर में कांग्रेस प्रत्याशी रीना बौरासी सेतिया और खातेगांव में दीपक जोशी के समर्थन में जनसभा भी करेंगी।

Updated: Nov 08, 2023, 10:01 AM IST

इंदौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को इंदौर के सांवेर में जनसभा और इंदौर 1 विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगी। तीन दिनों में प्रियंका गांधी का ये दूसरा इंदौर दौरा होगा। वह सुबह 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद सांवेर विधानसभा के मांगलिया में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। वहीं, शाम 5 बजे इंदौर-1 में कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के साथ उनका रोड शो होगा।

जानकारी के मुताबिक प्रियंका की मांगलिया में करीब 45 मिनट तक जनसभा होगी। यहां वह लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी रीना बौरासी सेतिया को वोट देने की अपील करेंगी। रीना बौरासी प्रेमचंद गुड्डू की बेटी हैं। यहां भाजपा से मंत्री तुलसी सिलावट चुनाव लड़ रहे हैं। प्रियंका गांधी यहां से करीब 2 बजे हेलीकॉप्टर से देवास जिले के खातेगांव के लिए रवाना होंगी। यहां डाक बंगला मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जोशी के समर्थन में सभा करेंगी। 

यह भी पढ़ें: गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है भोपाल, भाजपा के लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

प्रियंका गांधी दोपहर साढ़े तीन बजे खातेगांव से इंदौर के लिए रवाना होंगी। इंदौर में शाम पांच बजे से इंदौर-1 विधानसभा में वह 3 किमी का रोड शो करेंगी। शाम करीब 6.30 बजे वह इंदौर एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। इंदौर 1 क्षेत्र में प्रियंका गांधी का यह रोड शो बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा ने यहां से अपने राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को मैदान में उतारा है। वही, कांग्रेस की ओर से विधायक संजय शुक्ला मैदान में हैं।