MP Election 2023: वोट धर्म के नहीं, काम के आधार पर दो, नहीं तो नेता अहंकारी हो जाता है: प्रियंका गांधी

सीधी के चंदवही (बहरी) में प्रियंका गाँधी की जनसभा, कहा- हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हम पुरानी पेंशन लागू कर चुके हैं, सरकार आने पर हम मध्य प्रदेश में भी लागू करने का काम करेंगे।

Updated: Nov 16, 2023, 12:49 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में अब 36 घंटे से भी कम समय शेष है। बुधवार को शाम 6 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाँधी ने बुधवार को दतिया के बाद सीधी के चंदवही(बहरी) में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीधी की भूमि को सिद्ध भूमि कहा जाता है।

सीधी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, 'हमारी सरकार आने पर हम किसानों की धान को 2500 समर्थन मूल्य में खरीदेंगे। हम किसानों के कर्ज माफ करने का काम करेंगे। पिछले चुनाव में जब आपने कांग्रेस की सरकार को चुना था तो 15 महीने में हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। हमारी सरकार आने पर हम पुरानी पेंशन लागू करेंगे। कांग्रेस की हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ मैं कांग्रेस की सरकार पुरानी पेंशन लागू कर चुकी है। हम कर्नाटक में महिलाओं को सम्मान राशि पहले से दे रहे हैं। मप्र में भी हम 1500 प्रति महीने महिलाओं को सम्मान राशि देंगे। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर हम 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा देने वाले हैं और यह काम हमारी सरकार राजस्थान में बहुत ही मजबूती से कर रही है।'

यह भी पढ़ें: PM मोदी इतना टूर कर रहे हैं कि खुद ही MLA कैंडिडेट लग रहे हैं, भोपाल में बोले मल्लिकार्जुन खड़गे

प्रियंका गाँधी ने सीधी के लोगों से कहा, 'आपमें एक राजनैतिक जागरूकता होना जरुरी है। आपको यह जानने और समझने का अधिकार है कि आपके लिए सरकार क्या कर रही है। पिछले 18 सालों से भाजपा की सरकार आपके लिए क्या कर रही है किसानों के लिए क्या कर रही है, स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्या कर रही है, यह आपको जानना चाहिए। भाजपा की सरकार ने साढ़े तीन साल में 21 रोजगार देने का काम किया है। भाजपा की सरकार में किसानों को सबसे ज्यादा टैक्स देना पड़ रहा है, आज सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन के लिए चिल्ला-चिल्ला के थक चुका है लेकिन सरकार सुनने को राजी नहीं है।'
 
प्रियंका गाँधी ने आगे कहा, 'मैं इस मंच से कहना चाहती हूं कि जो आपको मिलना चाहिए था वह आपको नहीं मिला है, भाजपा के जो नेता सरकार चला रहे हैं वह भूल गए हैं कि आप ही सर्वाेपरि है। भाजपा के नेता धर्म और जाति पर बात करके आपसे वोट ले लेते हैं लेकिन वोट तो काम पर मिलना चाहिए। इसलिए मैं आपसे कहती हूं कि आपको जागरूक बनने की जरूरत है जिससे कि जनता को एहसास हो कि आप ही मालिक हैं और आपको सरकार नकार नहीं पाएगी। कांग्रेस की पढ़ो और पढ़ाओं योजना के जरिए हम कक्षा एक से लेकर 12 तक के बच्चों को निशुल्क स्कूली शिक्षा देने का काम करेंगे और 500 रूपये से लेकर 1500 रूपये तक प्रति महीने की स्कॉलरशिप भी देंगे।'

प्रियंका गाँधी ने आगे कहा कि, 'भाजपा ने 22 हजार घोषणाएं की है जो कि शायद इन्हें भी याद ना हों। इनकी झूठी घोषणाएं तो आपको भी याद नहीं होंगी। क्योंकि भाजपा की घोषणाएं खोखली हैं जो कि केवल चुनाव के समय की जाती है। इन्होंने चुनाव से पहले लाड़ली बहना योजना निकली है, पिछले 18 सालों से सरकार है तब इनको बहनें याद क्यों नहीं आई। भाजपा की सरकार ने पिछले 3 सालों में केवल 21 नौकरियां दी हैं। कांग्रेस की जब सरकार थी तो कांग्रेस ने सरकारी नौकरियां देने का काम किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से देश और प्रदेश में है तो यह सभी सरकारी कंपनियों को, फैक्ट्री को बेचने का काम कर रहे हैं, जिससे कि लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिल पा रही है।'

यह भी पढ़ें: पुलिस वाहनों और एंबुलेंस में एक स्थान से दूसरे स्थानों पर शराब और पैसा भिजवा रही भाजपा: कांग्रेस

प्रियंका गांधी ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश में 7000 से अधिक स्कूल बंद हो चुके हैं। स्वस्थ विभाग में मध्य प्रदेश के हर स्तर पर पद खाली पड़े हैं। भर्ती परीक्षा में घोटाला होता है और रोजगार नहीं मिलता है। यूरिया खाद के लिए लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है। भाजपा सरकार में आपको कमाने का मौका नहीं मिल रहा है और इलाज के लिए आपको प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता है जहां पर मोटा पैसा लिया जाता है। भाजपा की सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ करती है, लेकिन किसानों का कर्ज माफ करने के लिए और कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने के लिए इनके पास पैसे नहीं होते हैं।'

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि, 'हमारी सरकार राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पिछले 5 सालों से जनता के लिए काम कर रही है। लेकिन मध्य प्रदेश में देख रहे हैं कितने घोटाले और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है, जिससे आपका ही नुकसान हो रहा है। इसलिए इसबार मन बना लीजिए और मुझे पता है कि इस बार जनता बदलाव लाने वाली है, कांग्रेस के वचनों को भी आपको ध्यान में रखकर 17 तारीख को आपको मतदान करने जाना है और कांग्रेस की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का काम भी अब आपको करना है।'