MP Election: विंध्य में राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद, आज शहडोल के ब्यौहारी में भरेंगे हुंकार

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इस सभा के माध्यम से कांग्रेस विंध्य ही नहीं बल्कि महाकौशल क्षेत्र की भी कुछ सीटों को साधने की कोशिश में है।

Updated: Oct 10, 2023, 02:07 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम से मैदान में है। मंगलवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बात फिर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। इस बार वे विंध्य क्षेत्र में चुनावी शंखनाद करेंगे। वे शहडोल के ब्यौहारी में हुंकार भरेंगे। चुनाव से पहले राहुल गांधी का यह दूसरा एमपी दौरा है।

पीसीसी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ विशेष विमान से दिल्ली से रवाना होकर 11.50 बजे सतना पहुंचेंगे। सतना से राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ एक ही हेलीकॉप्टर 12 बजे शहडोल के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 12.25 बजे शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचेंगे। जहां राहुल गांधी दोपहर 12.30 बजे कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। 

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश को 55 दिन में मिलेगी नई सरकार, आदर्श आचार संहिता लागू, CM के सारे प्रोग्राम कैंसिल

सभा के उपरांत राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ दोपहर 1.50 बजे ब्यौहारी से हेलीकॉटर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.15 बजे सतना पहुंचेंगे। सतना से राहुल गांधी दोपहर 2.20 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोपहर 2.25 बजे विशेष विमान से सतना से प्रस्थान कर दोपहर 3.25 बजे भोपाल पहुंचेंगे।  

राहुल गांधी का यह दौरा रणनीति के हिसाब से बेहद अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी के दौरे के बाद विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान अपने शबाब पर आ जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को मेगा शो बनाने की तैयारी की है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इस सभा के माध्यम से कांग्रेस विंध्य ही नहीं बल्कि महाकौशल क्षेत्र की भी कुछ सीटों को साधने की कोशिश में है।

शहडोल संभाग के ब्यौहारी क्षेत्र में जो यह जनसभा हो रही है इसलिए भी अहम है क्योंकि ये शहडोल जिला मुख्यालय के अंतिम छोर पर स्थित है। वहीं से सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना भी करीब हैं। मतलब एक तरह से पूरे विंध्य क्षेत्र के बीचों-बीच में ब्यौहारी है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने कहा कि, ''राहुल गांधी की इस विशाल जनसभा में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है, पूरे विंध्य क्षेत्र के 30 विधानसभा सीटों से तो लोग आएंगे ही, साथ ही महाकौशल क्षेत्र, मंडला, डिंडोरी जैसे आदिवासी बहुल इलाकों से भी लोग इस सभा में पहुंचेंगे और उसी हिसाब से पूरी तैयारी भी की जा रही है कि ज्यादा से ज्यादा लोग आ सकें, और हमारे सबसे बड़े नेता को सुन सकें।"