MP Election Results: हार की समीक्षा में जुटे कमलनाथ, प्रत्याशियों के साथ चुनौतियों पर किया मंथन

पीसीसी पहुंचे कमलनाथ ने पत्रकारों से कहा कि आप भी जानते हैं कि क्या माहौल था। मुझे कुछ विधायकों ने बताया कि उन्हें अपने गांव में 50 वोट मिले। यह कैसे हो सकता है। जिसको पहले से परिणाम पता था, उसने एग्जिट पोल बनवाया होगा।

Updated: Dec 05, 2023, 02:02 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ राज्य में मिली अप्रत्याशित हार की समीक्षा में जुटे हुए हैं। वे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सभी प्रत्याशियों से विधानसभा चुनाव में जीत-हार पर चर्चा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि समीक्षा रिपोर्ट हाईकमान को भी भेजा जाएगा।

मंगलवार सुबह प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे कमलनाथ ने इशारों में ईवीएम पर भी सवाल खड़े किए। कमलनाथ ने कहा, 'मुझे कुछ विधायकों ने बताया कि उन्हें अपने गांव में 50 वोट मिले। यह कैसे हो सकता है। जिसको पहले से परिणाम पता था, उसने एग्जिट पोल बनवाया होगा। एग्जिट पोल तो माहौल बनाने के लिए था।'

कमलनाथ ने आगे कहा कि हम अभी सभी प्रत्याशियों से चर्चा कर रहे हैं। हारे और जीते सभी प्रत्याशियों को बुलाया है। कांग्रेस नेताओं के EVM हैक होने की बात पर बोले, सभी की बात सुन लूं, फिर किसी फैसले पर आना सही होगा। आप भी जानते हैं कि क्या माहौल था, मुझसे नहीं, पब्लिक से पूछिए।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में ऐलान किया था कि बीजेपी की सीटें 300 के पार आएंगी। उनके इस बयान के बाद 300 सीटें आईं। यूपी के विधानसभा चुनाव में सपा की लहर थी, तब पीएम मोदी ने कहा था दो तिहाई से सरकार बनाएंगे। यूपी में बीजेपी की सरकार बन गई। EVM हैक करके परिणाम बदले गए।