MP News: खरगोन में हुआ भीषण हादसा,3 वर्षीय मासूम समेत दो लोगों की मौत, 18 लोग घायल

खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। भगोरिया उत्सव से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से 3 वर्षीय बालिका समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।

Publish: Mar 22, 2024, 12:25 PM IST

खरगोन। बीती रात खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। भगोरिया उत्सव से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से 3 वर्षीय बालिका समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। जिसके बाद हादसे की खबर मिलती ही मौके पर पुलिस पहुंची और घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 

शहर के पुलिस एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि ग्राम डोपा के भगोरिया उत्सव को अटेंड कर रॉयल बेड़ा जा रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। घटना के चलते 35 वर्षीय रंगली बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 3 वर्षीय प्रीतिमा ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ग्रामीण डोपा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे चले ही थे कि उनकी ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति जानी गयी और आवश्यक निर्देश दिए गए। वही सभी घायल अभी खतरे से बाहर हैं।