MP: सितंबर में राहत की बारिश, 40 जिलों में गरज चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट

अगस्त महीने में मध्य प्रदेश में औसत बारिश सामान्य से 40 फीसदी कम रही थी। लेकिन सितंबर शुरू होते ही मौसम ने प्रदेशवासियों को राहत दी है।

Publish: Sep 10, 2023, 01:54 PM IST

Image courtesy- Amarujala
Image courtesy- Amarujala

भोपाल। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के 40 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। बीते 3 दिनों से रोज शाम को भोपाल भीग रहा है। भोपाल में सितंबर माह में इतनी बारिश चार साल से नहीं हुई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी म.प्र. एवं उससे लगे उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। जिससे आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश में अगस्त महीने में बारिश नहीं होने से प्रदेश की सामान्य बारिश में भारी कमी दर्ज की गई थी। लेकिन सितंबर शुरु होते ही मौसम ने करवट ली। अबतक प्रदेश में कुल 756.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है। जो सामान्य वर्षा (862.5 मिमी.) की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। जिसमें से 7 फीसदी बारिश हाल के 5 दिनों में हुई है। 

भोपाल के जलाशयों की बात की जाए तो अभी कोलार, केरवा, कलियासोत, बड़ा तालाब, भदभदा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि अभी फूल टैंक लेवल तक भरने के लिए जिले में और बारिश की दरकार है। 

मध्य प्रदेश सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 12 से 14 सितंबर के बीच फिरसे नया सिस्टम बन रहा है जिस कारण 18 से 20 सितंबर तक बारिश का सिलसिला चालू रहेगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान 40 जिलों में तेज बारिश होगी। बीते 2 दिनों में प्रदेश में 12 सेमी बारिश हो चुकी है। प्रदेश में इस सीजन में 28.16 फीसदी बारिश हुई है जो सामान्य से 5 फीसदी कम है।