उज्जैन पुस्तक मेले में मुस्लिम विक्रेता की पिटाई, महिलाओं से नंबर मांगने का आरोप

हिंदूवादी संगठन की महिलाओं ने मुस्लिम पुस्तक विक्रेता पर मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगाते हुए की मारपीट

Publish: Sep 04, 2023, 07:02 PM IST

Image courtesy- Twitter
Image courtesy- Twitter

उज्जैन।  नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से इन दिनों उज्जैन में बुक फेस्ट लगा हुआ है। रविवार को यहां एक मुस्लिम विक्रेता की कुछ महिलाओं ने पिटाई कर दी। महिलाओं ने युवक पर उनका कांटेक्ट नंबर मांगने का आरोप लगाया। वहीं युवक का कहना है उसने होम डिलीवरी के लिए महिलाओं से नंबर मांगा था। 

जानकारी के अनुसार उज्जैन में आयोजित बुक फेस्ट में मुस्लिम युवक वाकर सलीम की 14 नंबर की दुकान है। जहां वह मुस्लिम धर्म संबंधित पुस्तकों सहित अन्य पुस्तकें बेच रहा था। तभी वहां कुछ महिलाओं ने उसपर महिलाओं के नंबर लेने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई शुरु कर दी। महिलाओं का कहना है कि युवक पुरुषों को विजिटिंग कार्ड दे रहा है और महिलाओं से नंबर मांग रहा है।

पुस्तक विक्रेता वाकर सलीम ने बताया कि उनके प्रकाशन का मुख्य कार्यालय गुरदासपुर में है। वे पुस्तक मेले के लिए ग्वालियर स्थित अहमदिया मुस्लिम समुदाय के कार्यालय से उज्जैन आए हैं। हमारे स्टॉल पर कुछ महिलाएं पुस्तकों की होम डिलीवरी के लिए कह रहीं थी। जिसपर उनसे संपर्क के लिए मैंने नंबर मांगा था। इसे गलत समझते हुए उन्होंने मेरी पिटाई कर दी। 

बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाली महिलाएं विश्व हिंदू परिषद और हिंदू युवा वाहिनी से जुड़ी हुईं हैं। उन्होंने युवक पर छेड़छाड़ और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई की। हंगामा होते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद माधवनगर पुलिस दुकान संचालक वाकर को थाने ले आई। इस मामले पर सीएसपी दीपिका शिंदे ने कहा कि पुस्तक मेले में छेड़छाड से संबंधित एक शिकायत आई है। जिसके संबंध में जांच की जा रही है। दुकान संचालक के संबंध में भी पूरी जानकारी एकत्रित की जा रही है।