BJP की पांचवीं लिस्ट के बाद गदर, कार्यकर्ताओं ने घेरा सिंधिया का महल, किसी तरह बचकर निकले महाराज

मुन्नालाल गोयल के समर्थक रविवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार के सामने लेट गए, इस दौरान सिंधिया किसी तरह वहां से बच कर निकले, जय विलास के बाहर प्रदर्शन अब भी जारी है।

Updated: Oct 22, 2023, 03:46 PM IST

ग्वालियर। बीजेपी की पांचवी लिस्ट आने के बाद प्रत्याशियों का विरोध सिंधिया के महल तक पहुंच गया है। रविवार को ग्वालियर में नाराज कार्यकर्ताओं ने जयविलास पैलेस को घेर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और महल के गार्ड्स के बीच हाथापाई भी हुई। मामला बिगड़ता देख ज्योतिरादित्य सिंधिया बाहर आए और कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। लेकिन कार्यकर्ताओं का गुस्सा देख सिंधिया ने भी महल छोड़ चले जाने में ही अपनी भलाई समझी।

दरअसल, भाजपा ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट से मुन्नालाल गोयल का टिकट काटकर पूर्व मंत्री माया सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इसी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। माया सिंह ज्योतिरादित्य सिंधिया की रिश्तेदार हैं। इसीलिए पार्टी कार्यकर्ता सिंधिया पर भड़के हुए हैं। उनके खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। बीजेपी नेता जय सिंह और मुन्नालाल गोयल दोनों के समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: MP: पांचवीं सूची आते ही BJP में जूतम-पैजार, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को पीटने दौड़े कार्यकर्ता, गनमैन से मारपीट

विरोध बढ़ता देख सिंधिया महल से बाहर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे टिकट बदलने की मांग की। उनका गुस्सा देखकर सिंधिया उनके साथ जमीन पर ही बैठ गए। सिंधिया ने कहा-वह इस बारे में कार्यकर्ताओं की बात संगठन तक पहुंचाएंगे। हालांकि वे नहीं माने और सिंधिया की गाड़ी के सामने लेट गए, इनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। विरोध के बीच सिंधिया ने वहां निकल जाने में ही भलाई समझी। वे बड़ी मुश्किल से महल से बाहर निकल पाए। 

सिंधिया के महल जय विलास पैलेस में पहली बार इस तरह का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बता दें कि मुन्नालाल गोयल फिलहाल मध्यप्रदेश बीज निगम के अध्यक्ष हैं। शनिवार को जैसे ही पांचवी लिस्ट आने पर माया सिंह के नाम का ऐलान हुआ मुन्नालाल गोयल समर्थक इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। देर रात को ही उन्होंने मुरार के बारादरी चौराहे पर चक्का जाम करते हुए हंगामा मचाया था। वहीं, सुबह होते ही गोयल के समर्थक केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल तक पहुंच गए।

उधर, भाजपा प्रत्याशी माया सिंह के खिलाफ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बाल सखा और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रहे जय सिंह ने भी मोर्चा खोल दिया है। जय सिंह ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। जय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि एक ही परिवार को पार्टी ने 12 बार टिकिट दिया है। ऐसे में हम जैसे मूल कार्यकर्ता कहां जाएंगे? मैं शुरू से ही इस परिवारवाद के खिलाफ रहा हूं, पहले पार्टी ने इनके पति को मौका दिया और अब माया सिंह को दिया है।