नागौर में 9 साल की बच्ची को की हार्टअटैक से मौत, चार महीने पहले भाई की भी हुई थी ऐसे ही मौत

नागौर में 9 साल की छात्रा की स्कूल ग्राउंड में खेलते समय अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। चार महीने पहले उसके भाई की भी इसी तरह जान चली गई थी।

Updated: Feb 26, 2026, 05:51 PM IST

नागौर। देशभर में हार्ट अटैक के मामले नहीं थम रहे हैं। राजस्थान के नागौर के प्राइवेट स्कूल में 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह ग्राउंड में खेलते समय गिर गई थी। स्कूल स्टाफ उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना नागौर के गोटन कस्बे के गोटन इंटरनेशनल स्कूल में 23 फरवरी की सुबह करीब 7.48 बजे हुई थी। इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया है। छात्रा के बड़े भाई की भी 4 महीने पहले ऐसे ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला ने बताया कि तालनपुर के रहने वाले राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या पांचवीं क्लास की स्टूडेंट थी। सामान्य दिनों की तरह 23 फरवरी की सुबह भी स्कूल आई थी। प्रेयर (प्रार्थना) होने में अभी समय था। इस दौरान कुछ बच्चे ग्राउंड में खेल रहे थे। इसमें दिव्या भी शामिल थी। खेलते समय अचानक दिव्या बेहोश होकर गिर पड़ी।

ओला ने बताया कि इससे अफरा-तफरी मच गई। परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही स्कूल स्टाफ ने दिव्या को संभाला। बिना देर किए गोटन के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

डॉक्टर्स के अनुसार, दिव्या के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं थे। प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट से मौत होना माना गया है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने बताया कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी इसी तरह हुई थी। 9 सितंबर 2025 को घर पर ही खेलते समय अचानक बेहोश हो गया था। उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था।