MP के नए सीएम-डिप्टी CM आज लेंगे शपथ, पीएम मोदी समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि PM मोदी सुबह 11.00 बजे विशेष विमान से भोपाल आएंगे। यहां राजा भोज एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे।

Updated: Dec 13, 2023, 12:36 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के 29 वे मुख्यमंत्री के रूप में मोहन यादव आज 11.30 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में पूरी कर ली गई हैं। उनके इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी सहित 6 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

इस दौरान मोहन यादव मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं,जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल उनको शपथ ग्रहण कराएंगे। फिलहाल, कोई और विधायक मंत्री पद की शपथ नहीं लेगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित 6 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि PM मोदी सुबह 11.00 बजे विशेष विमान से भोपाल आएंगे। यहां राजा भोज एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। वे करीब 2 घंटे भोपाल में रहेंगे। इसके बाद दोपहर 1.05 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। वहां दो बजे के शपथग्रहण कार्यक्रम है।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी है। बड़े नेताओं से प्रारंभिक चर्चा करने के बाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद दिल्ली जाएंगे। गुजरात फॉर्मूला चलता है तो कैबिनेट नए चेहरों के साथ बनेगी। जो लंबे समय से मंत्री रहे ऐसे कई बड़े नाम बाहर होंगे। उन्हें सिर्फ जातिगत गणित (सोशल इंजीनियरिंग) ही बचा पाएगा। यानी CM चेहरे की तरह अब मंत्रिमंडल भी चौंकाएगा।