पृथ्वीपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का हुआ एलान, नितेंद्र सिंह राठौर लड़ेंगे उपचुनाव

नितेंद्र सिंह दिवंगत कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे हैं, बृजेंद्र सिंह का इसी साल मई महीने में कोरोना से इलाज के दौरान निधन हो गया था

Updated: Oct 02, 2021, 03:37 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस ने पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार तय कर लिया है। कांग्रेस पार्टी ने नितेंद्र सिंह को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है।  

नितेंद्र सिंह दिवंगत कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे हैं। बृजेंद्र सिंह राठौर का इसी वर्ष मई महीने में निधन हो गया था। कोरोना से इलाज के दौरान उन्हें बचाने में डॉक्टर असफल रहे। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बृजेंद्र राठौर के निधन के बाद से पृथ्वीपुर सीट खाली हो गई थी। लिहाज़ा कांग्रेस पार्टी ने दिवंगत नेता के बेटे को ही उपचुनाव में उतार दिया है।

पृथ्वीपुर विधानसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई थी। तब से लेकर अब तक इस सीट पर तीन बार विधानसभा के चुनाव हुए। जिसमें दो बार बाज़ी कांग्रेस के हाथ लगी, जबकि एक बार यह सीट बीजेपी के खाते में गई थी। दिवंगत कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर 2008 और 2018 में इस सीट से चुनकर विधानसभा पहुँचे थे। बृजेंद्र सिंह राठौर ने 1993 और 1998 में निवाड़ी विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी चुनाव जीता था। इसके बाद 2003 में वे कांग्रेस की उम्मीदवारी पर इसी सीट से विजयी रहे। 2008 में परिसीमन के बाद जब पृथ्वीपुर विधानसभा सीट अस्तित्व में आई, तब उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ना शुरु किया।

कुल मिलाकर यह सीट कांग्रेस की पारंपरिक सीट के तौर पर मानी जाती है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता के निधन के बाद इस सीट पर सहानुभूति का फैक्टर भी है। जिस वजह से कांग्रेस ने उनके पुत्र नितेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस इस सीट पर जीत को लगभग तय मान रही है।