55 फीसदी आबादी होने के बावजूद 27 फीसदी आरक्षण के लिए तरस रहा ओबीसी वर्ग: कमलनाथ

हमने 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया लेकिन दुर्भाग्य है कि जो लोग इसके खिलाफ कोर्ट गए उन्हें भाजपा ने उच्च पदों पर बैठाया: कमलनाथ

Updated: May 05, 2023, 05:46 PM IST

55 फीसदी आबादी होने के बावजूद 27 फीसदी आरक्षण के लिए तरस रहा ओबीसी वर्ग: कमलनाथ

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय कुर्मी क्षत्रिय महासम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने ओबीसी आरक्षण की वकालत करते हुए कहा कि 55 फीसदी आबादी होने के बावजूद पिछड़ा वर्ग 27 फीसदी आरक्षण के लिए तरस रहा है।

अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा मध्य प्रदेश द्वारा रविंद्र भवन में आयोजित प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, 'कुर्मी समाज खेती से जुड़ा हुआ है। सदियों से देश की अन्न आपूर्ति को पूरा करके कुर्मी समाज ने अन्नदाता होने का फर्ज निभाया है। नई पीढ़ी आज खेती से दूर होती जा रही है। किस प्रकार से नई पीढ़ी को दोबारा खेती से जोड़ा जाए, यह सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। खेती को लाभ का धंधा बनाने की बड़ी- बड़ी बातें अवश्य की गई। लेकिन दुर्भाग्य है कि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा किसानों की आत्महत्या भी हुई है।'

यह भी पढ़ें: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा चंबल, मुरैना में एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या

कमलनाथ ने आगे कहा कि, 'आज समाज में जातिगत जनगणना की मांग की जा रही है। मैं इस बात से पूर्णतः सहमत हूं कि जातिगत जनगणना आज देश की आवश्यकता बन चुकी है। भाजपा राज में पिछड़ा वर्ग का गरीब व्यक्ति 55 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद भी 27 प्रतिशत आरक्षण के लिए तरस रहा है। पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए आप लोगों ने आंदोलन नहीं किया था। कोई बड़ा सम्मेलन नहीं किया था। परंतु फिर भी हमने अपनी सरकार में मध्य प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया था। यह हमारा वचन था जो हमने अपने पिछड़ा वर्ग के बंधुओं को दिया था और उसे पूरा भी करने का प्रयास किया। परंतु कोर्ट से रोक लगी और दुर्भाग्य देखिए कि जो लोग इस निर्णय के खिलाफ कोर्ट गए, उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने उच्च पदों पर बैठा दिया।'

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आगे कहा, 'यह बड़ा दुर्भाग्य है प्रदेश में एक बड़ी जनसंख्या होने के बावजूद भी भोपाल में कुर्मी समाज का अब तक भवन निर्माण नहीं हुआ।' उन्होंने कुर्मी समाज के लोगों से वादा करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कुर्मी समाज के लिए भूखंड उपलब्ध किया जाएगा, ताकि भवन निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके। इस कार्यक्रम में शामिल होने प्रदेशभर के कुर्मी समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे।