राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए कांग्रेस MLAs को एक करोड़ का ऑफर, कमलनाथ का बड़ा बयान

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने दावा किया है कि बीजेपी हमारे विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है, उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायकों को क्रॉस वोटिंग के लिए 1 करोड़ रुपए का लालच दिया जा रहा है

Updated: Jul 14, 2022, 08:10 AM IST

भोपाल। विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा राजधानी भोपाल में हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ की मौजूदगी में सिन्हा आज कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक में शामिल हुए। इसी बीच कमलनाथ ने दावा किया कि बीजेपी राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए एक करोड़ रुपए का ऑफर दे रही है।

कमलनाथ ने कहा कि भाजपा हमारे विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के एक विधायक को एक करोड़ का ऑफर मिला है। भाजपा अन्य विधायकों पर भी डोरे डाल रही है। उन्होंने कहा कि व्हिप जारी कर दिया गया है और मुझे अपने सभी विधायकों पर पूरा भरोसा है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में सियासी गलियारे में यह चर्चा है कि भाजपा ने कांग्रेस के 28 आदिवासी विधायकों को द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में वोट डालने के लिए डोरे डाल रही है। इस काम में सत्ताधारी दल ने आदिवासी नेताओं को लगाया है। इस बीच कमलनाथ ने भाजपा पर खरीद फरोख्त की राजनीति का आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि कांग्रेस विधायक वोट न दें तो अनुपस्थित ही हो जाएं। 

यह भी पढ़ें: अब सरकार को भ्रष्ट, निकम्मा नहीं कह पाएंगे सांसद, सदन में इन शब्दों के इस्तेमाल पर लगा बैन

इससे पहले कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने बताया था कि उन्हें इस संबंध में कॉल आया और द्रोपदी मुर्मू के पश्र में वोट करने के एवज में 1 करोड़ रुपए देने का ऑफर दिया गया। उधर गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ से अपील की है कि राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में वोट दें।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि देश पहली बार एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च नागरिक के पद पर सुशोभित होते हुए देखने जा रहा है। ऐसे में राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में आप भी अपने एक वोट की आहुती दें।