विदिशा से भोपाल पहुंची संविधान बचाओ यात्रा को पुलिस ने रोका, दिग्विजय सिंह की चेतावनी के बाद यात्रा पुनः शुरू

आदिवासी नेता सुनील आदिवासी के नेतृत्व में निकाली जा इस यात्रा को लांबाखेड़ा में पुलिस ने रोक लिया, मौके पर दिग्विजय सिंह पहुंचे और आंदोलन की चेतावनी दी तब पुलिस ने यात्रा को आगे जाने की अनुमति दी।

Updated: Oct 02, 2023, 12:25 PM IST

भोपाल। विदिशा से भोपाल आ रही कांग्रेस की 'संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ' यात्रा गांधी जयंती के मौके पर सोमवार को भोपाल पहुंची। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हैं। सिंह संविधान बचाओ यात्रियों के साथ पद मार्च कर रहे हैं।

इससे पहले पुलिस ने सोमवार सुबह यात्रा को लांबाखेड़ा में रोक दिया था। यात्रा रोके जाने की सूचना पाकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे। दिग्विजय सिंह ने पुलिसकर्मियों से कहा कि यात्रा को यदि रोशनपुरा चौराहे तक नहीं जाने दिया गया तो वे यहीं धरना देंगे। 

दिग्विजय सिंह के धरना देने की चेतावनी के बाद यह यात्रा पुनः शुरु हुई। आदिवासी नेता सुनील आदिवासी के नेतृत्व में निकल रही इस यात्रा में दिग्विजय को रोशनपुरा से शामिल होना था, लेकिन पुलिस के रोकने की वजह से वे करोंद चौराहे से लांबाखेड़ा के बीच यात्रा में पहुंच गए। फिलहाल वे यात्रियों के साथ मार्च कर रहे हैं। 

बता दें कि संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ यात्रा 
विदिशा जिले के लटेरी के ग्राम ताजपुरा से 21 सितंबर को शुरू हुई थी। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील आदिवासी के नेतृत्व में निकाली गई यह यात्रा करीब 400 KM की दूरी तय कर भोपाल पहुंची है।

लोकतंत्र बचाओ यात्रा की माँगे-

1. ई.वी.एम मशीन की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए।

2. दल बदल क़ानून मज़बूत किया जाए एवं 6 वर्षों तक ऐसे प्रत्याशियों पर चुनाव लड़ने से रोक लगायी जाए।

3. जहाँ पोलिंग बूथ कैप्चर होते हैं ऐसे स्थान पर पुलीस सुरक्षा प्रदान की जाए एवं वोटिंग प्रतिशत में बढ़ोतरी की जाए।

4. मतदाताओं को प्रलोभन देते पाए गए प्रत्याशियो का नामांकन रद्द किया जाए।