MP में आज हो सकता है विभागों का बंटवारा, शाह-नड्‌डा से मिलकर दिल्ली से भोपाल लौटे CM मोहन यादव

दिल्ली में रात्रि विश्राम के बाद सीएम मोहन यादव शनिवार को सुबह 11:20 बजे भोपाल लौटे। माना जा रहा है कि आज प्रदेश में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हो सकता है।

Updated: Dec 30, 2023, 01:08 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हो सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली से भोपाल पहुंच चुके हैं। उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। देर शाम वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से भी मिलने पहुंचे थे। दिल्ली में रात्रि विश्राम के बाद सीएम शनिवार को सुबह 11:20 बजे भोपाल लौटे।

मोहन यादव के भोपाल लौटने के बाद माना जा रहा है  कभी भी मंत्रियों को विभाग बंटवारे का ऐलान हो सकता है। विभागों के बंटवारे के साथ ही उज्जैन में मंत्रिमंडल की बैठक होने की भी संभावना है। सीएम मोहन यादव गुरुवार रात करीब सवा 9 बजे प्राइवेट विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।

बता दें कि डॉ. मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार 25 दिसंबर को हुआ था। 28 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। इसके पांच दिन बाद भी मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया है। इसे लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लिखा था, 'CM के चयन का फैसला 10 दिन में, मंत्रिमंडल का फैसला 12 दिन में, अब विभागों के बंटवारे में देरी और खींचतान जारी है।' उन्होंने आगे लिखा था, 'आखिर प्रदेश के नए नवेले मुख्यमंत्री को कोई अधिकार दिया भी गया है कि नहीं, या सारे फरमान दिल्ली दरबार से जारी हो रहे हैं। डबल इंजन की सरकार में दिल्ली का इंजन ही चलता दिखाई दे रहा है।'