MP में आज होगा राहुल गांधी के अभियान का आग़ाज़, सिवनी में करेंगे प्रचार

सिवनी के अलावा राहुल गांधी शहडोल में भी स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे

Updated: Apr 08, 2024, 08:02 AM IST

भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस के चुनावी अभियान का बिगुल फूंक देंगे। राहुल गांधी आज कांग्रेस के अभियान की शुरुआत सिवनी से करेंगे। इसके बाद आज ही वह शहडोल भी जाएंगे। राहुल गांधी के अलावा प्रदेश कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। 

राहुल गांधी आदिवासी बहुल क्षेत्र धनोरा में मंडला लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ओमकार सिंह मरकाम के लिए चुनावी प्रचार करेंगे। इसके बाद वह शहडोल के लिए रवाना हो जाएंगे जहां वह स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 

राहुल गांधी का कार्यक्रम 

राहुल गांधी सुबह करीब 11 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर से धनोरा के लिए निकलेंगे, जहां वह दोपहर करीब 12.40 पर पहुंचेंगे। धनोरा में राहुल गांधी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर दो बजे तक वहां मौजूद रहेंगे।

इसके बाद वह दोपहर दो बजे धनोरा से शहडोल के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वह दोपहर करीब सवा तीन बजे पहुचेंगे। वहां पर स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद शाम करीब पांच बजे कांग्रेस नेता जबलपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। 

मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें आती हैं। पिछली बार कांग्रेस को मध्य प्रदेश में सिर्फ़ एक छिंदवाड़ा सीट पर जीत मिली थी। हालांकि इस बार कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। यही वजह है कि आए दिन बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से कोई ना कोई नेता मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहा है। शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सीधी दौरे के बाद रविवार को प्रधानमंत्री मोदी जबलपुर में रोड शो करने पहुंच गए। मंगलवार को उनका बालाघाट दौरा भी प्रस्तावित है।