MP में 21 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर, भोपाल में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा स्थगित

पिछले हफ्तेभर से लगातार हो रही बारिश के चलते भोपाल में होने वाली पं.धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है। 

Publish: Sep 12, 2023, 04:28 PM IST

Image courtesy-  Naidunia
Image courtesy- Naidunia

भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मानसून मेहरबान है। राजधानी भोपाल में पिछले एक हफ्ते से अच्छी बारिश हो रही है। मंगलवार को भी दोपहर बाद से शहर में जमकर बारिश हुई। ग्वालियर में भी कल शाम से बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही 15 से 21 सितंबर के बीच तेज बारिश होने का अनुमान है।

बारिश के चलते भोपाल में होने वाली पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा की तारीख भी आगे बढ़ा दी गईं हैं। बताया जा रहा है कि 14 से 19 सितंबर के बीच होने वाली यह कथा अब 26, 27 और 28 सितंबर को होगी। हालांकि इसके लिए तैयारियां जारी रहेंगी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने इसकी जानकारी दी है। 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हुई है। अगले 2 से 3 दिन तक मध्यम से हल्की बारिश होगी। लेकिन 15 सितंबर से इसमें तेजी आएगी। बंगाल की खाड़ी से लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने के बाद 15 से 21 सितंबर तक बारिश जारी रहेगी। भोपाल मौसम केंद्र ने जानकारी दी है कि प्रदेश के 6 संभागों में इस सिस्टम का असर रहेगा। 

बता दें सितंबर में लगातार हो रही बारिश से मध्य प्रदेश की औसत बारिश में 2% का सुधार हुआ है। प्रदेश में अबतक 30.09 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि प्रदेश में सामान्य बारिश का प्रतिशत 34.19 इंच है। सितंबर में हुई बारिश ने किसानों को राहत दी है। अगस्त में कम बारिश के चलते फसलें सूख रहीं थीं।

हफ्तेभर से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के डैम और तलाब भरने लगे हैं। बुदेंलखंड क्षेत्र के राजघाट, गोविंदसागर, माताटीला, पारीछा और अर्जुन बांध सितंबर की बारिश के बाद भरने लगे हैं। वहीं भोपाल सहित जबलपुर, नर्मदापुरम के डैमों में भी जल स्तर बढ़ने लगा है। कुछ दिनों की बारिश के बाद इनका जलस्तर फुल टैंक लेवल पर पहुंच जाएगा।