दुष्कर्म के मामले में फंसे भोपाल डिप्टी कलेक्टर, राजगढ़ की महिला ने लगाए झांसा देकर रेप करने के आरोप

आरोप लगाने वाली महिला भी विभागीय कर्मचारी है। उसका कहना है कि थाने में सुनवाई न होने पर दो दिन पहले महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और एसपी आदित्य मिश्रा को शिकायत की है।

Updated: Nov 10, 2024, 07:11 PM IST

भोपाल। भोपाल कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। सोरते पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र की महिला ने शुक्रवार को राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा से इस मामले में शिकायत की है। जिसके बाद एसपी ने सारंगपुर SDOP अरविंद सिंह को मामले की जांच सौंपी है।

सारंगपुर के एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में फिलहाल कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

आरोप लगाने वाली महिला भी विभागीय कर्मचारी है। उसका कहना है कि थाने में सुनवाई न होने पर दो दिन पहले महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और एसपी आदित्य मिश्रा को शिकायत की है। जिसके बाद एसपी मिश्रा ने सारंगपुर SDOP अरविंद सिंह को मामले की जांच सौंपी है।

इधर, डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते ने कहा कि महिला आपराधिक बैकग्राउंड से है। मैंने परिवार की दयनीय स्थिति के नाम पर उसकी मदद की थी। उसके दो बच्चे हैं, दोनों जेल में होने की सूचना भी मिली। लेकिन, तब तक मैं उसे 5 लाख से अधिक राशि ऑफलाइन और ऑनलाइन उधार दे चुका था। अब राजगढ़ से स्थनांतरित होकर भोपाल आ गया, तो उससे पैसों की मांग की थी। मुझे जानकारी नहीं है, कि महिला क्या आरोप लगा रही है।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि भोपाल कलेक्ट्रेट में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते साल 2022 में पचोर में तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान उन्होंने मुझे प्रेम जाल में फंसाया। उन्होंने मुझे प्रदेश के कई जिलों में सरकारी हाउस और वीआईपी गेस्ट हाउस समेत दिल्ली तक घुमाया। शादी का झांसा देकर मेरे साथ रेप किया।