क्रिकेट के मैदान पर हादसा: सिंधिया के शॉट से फूटा बीजेपी कार्यकर्ता का सिर, अस्पताल में भर्ती

सिंधिया एक क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करने रीवा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हाथ में बल्ला थामकर जैसे ही शॉट लगाया, वैसे ही बॉल भाजपा कार्यकर्ता के सिर में जा लगी, इससे कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।

Updated: Feb 16, 2023, 02:59 AM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार को क्रिकेट में मैदान में एक हादसा हो गया। दरअसल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बल्ले से निकली बॉल भाजपा कार्यकर्ता के सिर में जा लगी। इससे बीजेपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस से उसे घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी घायल को देखने अस्पताल पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को रीवा जिले के इटौरा में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) द्वारा नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करने पहुंचे थे। यहां उन्हें बैटिंग करने की इच्छा हुई और वे खेलने लगे। इस दौरान सिंधिया ने एक बॉल पर उठाकर मारा। गेंद हवा में चली गई।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के बाद दिग्विजय सिंह अब मिशन मध्य प्रदेश के लिए तैयार, प्रदेशभर में ताबड़तोड़ दौरे

क्रिकेट ग्राउंड में ही मौजूद बीजेपी युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा बॉल कैच पकड़ने की कोशिश कर रहा था। लेकिन कैच छूट गया और बॉल उसकी आंख के उपरी हिस्से में लग गई। इस दौरान मिश्रा वहीं गिर गए और उनके आंख से ऊपरी हिस्से से रक्तश्राव शुरू हो गया।

हादसे के बाद आनन-फानन में विकास मिश्रा को एंबुलेंस से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। घायल भाजयुमो कार्यकर्ता सर्जरी वार्ड में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी घायल कार्यकर्ता का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। यहां उन्होंने मिश्रा और उसके परिजनों से भी मुलाकात की।