MP में प्रशांत किशोर की भूमिका पर कमलनाथ का बड़ा बयान, बोले- हम किसी पे निर्भर नहीं रहते

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि प्रदेश में पीके की भूमिका तय नहीं है, हम तो 6 महीने पहले से ही चुनावी तैयारियां शुरू कर चुके हैं

Updated: Apr 22, 2022, 11:16 AM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करने रतलाम पहुंचे। पूर्व सीएम ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान पोल स्ट्रेटजिस्ट प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा बयान दिया। कमलनाथ ने स्पष्ट कहा कि मध्य प्रदेश में प्रशांत किशोर की भूमिका तय नहीं है और हम किसी पर निर्भर नहीं रहते।

कमलनाथ ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, 'चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की मध्य प्रदेश में अगामी चुनाव को लेकर कोई भूमिका तय नहीं है। अगर वे कांग्रेस में आएंगे तो प्रदेश के साथ पूरे देश में पार्टी को लाभ मिलेगा। लेकिन हमने तो छह महीने पहले ही चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। अब राजनीति का पैटर्न बदल गया है। जब तक गांव के बूथ पर हम मजबूत नहीं होंगे तब तक बीजेपी से मुकाबला नहीं कर सकते। कांग्रेस का जोर ग्रामीण स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर है।

बता दें कि इस समय प्रशांत किशोर की कांग्रेस नेताओं के साथ में लगातारमुलाकातें हो रही है। वह कांग्रेस के दिग्गजों को प्रेजेंटेशन दे रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस कमेटी तय करेगी की उनके सुझावों पर किस तरह अमल किया जाए। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इस कमेटी में शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर जल्द ही कांग्रेस ज्वाइन भी कर सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता कमलनाथ ने इशारों में स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की राजनीति में प्रशांत किशोर की दखलंदाजी नहीं होगी।