Congress : CM शिवराज के साले को नई ज़िम्मेदारी

By election in MP : संजय मसानी कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष, उपचुनाव प्रचार समिति के भी प्रभारी

Publish: Jul 16, 2020, 03:33 AM IST

photo courtesy : thelivemirror.com
photo courtesy : thelivemirror.com

भोपाल । मध्य प्रदेश में जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर दोनों ही राजनितिक दलों ने कमर कस ली है। उपचुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय मसानी को प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया है। संजय मसानी को उपचुनावों के मद्देनज़र प्रचार समिति का प्रभार भी सौंपा गया है। 

जानकार बता रहे हैं कि मसानी को आगामी उपचुनावों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने रखने के इरादे से यह ज़िम्मेदारी सौंपी है। ताकि प्रचार के दौरान शिवराज सिंह चौहान को घेरा जा सके। इसके साथ ही उपचुनावों में ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया को ग्वालियर चंबल की 16 सीटों पर घेरने के लिए क्षेत्र के कद्दावर नेता बालेंदु शुक्ल को पहले ही मैदान में उतार रखा है। बालेंदु शुक्ल हाल ही में बीजेपी छोड़ वापस कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस ने बालेंदु शुक्ल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी सौंपी है।

कौन हैं संजय मसानी 
संजय मसानी शिवराज की पत्नी साधना सिंह के भाई हैं। मसानी मूलतः महाराष्ट्र के गोंदिया के रहने वाले हैं। मसानी को पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने बालाघाट की वारासिवनी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। हालाँकि मसानी वह चुनाव हार गए थे। वारासिवनी सीट से कांग्रेस के बागी प्रदीप जायसवाल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीत गए थे। बता दें कि मसानी का अभिनय के क्षेत्र से भी नाता रहा है। 2018 में आई अक्षय कुमार अभिनीत बहुचर्चित फिल्म पैडमान में शिवराज के सगे साले मसानी ने अक्षय के साले का रोल किया था।