बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन, गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

प्रभात झा को न्यूरोलॉजिकल परेशानियों के चलते करीब एक महीने पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी तबियत लगातार बिगड़ती ही गई।

Updated: Jul 26, 2024, 09:01 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष प्रभात झा का निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे काफी समय से बीमार थे। प्रभात झा को न्यूरोलॉजिकल परेशानियों के चलते करीब एक महीने पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी तबियत लगातार बिगड़ती ही गई।

प्रभात झा के बेटे अयत्न ने उनकी निधन की पुष्टि कि है। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर या उनके पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढ़ी (बिहार) में होगा। झा के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रभात झा की जब तबियत बिगड़ी तब वे भोपाल में ही थे। उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें भोपाल से दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया। गरीब चार हफ्ते से वे गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती थे।

प्रभात झा मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। वे परिवार के साथ मध्यप्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। प्रारंभिक जीवन में वह पत्रकार थे। बाद में राजनीति से जुड़े। वह बीजेपी के मुखपत्र कमल संदेश के संपादक भी रहे।

प्रभात झा की गिनती मध्य प्रदेश बीजेपी के कद्दावर नेताओं में होती थी। वे 2 बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। उनको सिंधिया परिवार का धुर-विरोधी नेता भी माना जाता था। लेकिन जब सिंधिया कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे तो उन्होंने सिंधिया पर हमले कम कर दिए थे। 

प्रभात झा के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत बीजेपी एवं कांग्रेस के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।