लोकसभा चुनाव से पहले मुरैना में कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक राकेश मावई ने थामा भाजपा का दामन

मुरैना सीट से कांग्रेस से टिकट कटने से नाराज चल रहे थे राकेश मावई, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिलाई भाजपा की सदस्यता

Updated: Jan 19, 2024, 04:37 PM IST

मुरैना। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस को बड़ा झटका है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राकेश मावई भाजपा में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।

बताया जा रहा है कि मुरैना विधानसभा सीट से टिकट कटने के कारण राकेश मावई कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। वे लोकसभा चुनाव के लिए भी टिकट के दावेदार थे। हालांकि, टिकट का आश्वासन नहीं मिलने पर उन्होंने पाला बदलने का निर्णय लिया।

राकेश मावई मुरैना कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और विधायक भी रह चुके हैं। माना जा रहा है उनके पार्टी छोड़ने और बीजेपी ज्वाइन करने से बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी पार्टी छोड़ सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने अब मुरैना में अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठित रखने की चुनौती है।

मावई के साथ ही शिवपुरी के पूर्व जनपद अध्यक्ष परम सिंह रावत ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। उन्हें भी शुक्रवार को सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।