MP में कड़ाके की ठंड का दौर जारी, 18 जिलों में आज शीतलहर का अलर्ट
शुक्रवार-शनिवार की रात में प्रदेश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड रही। प्रदेश में लगातार छठवीं रात कड़ाके की ठंड रही। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 2 डिग्री रहा।
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल दिसंबर के पहले पखवाड़े में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में इसी तरह ठंड का कहर जारी रहने की संभावना है।
बर्फबारी और सर्द हवाओं के असर से पूरा मध्य प्रदेश पिछले 5 दिन से कड़ाके की ठंड की चपेट में है। यह दौर अगले 3 दिन यानी, 16 दिसंबर तक बना रहेगा। इसके बाद ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। शनिवार को जबलपुर-सिवनी समेत 18 जिलों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलेगी।
भोपाल में शुक्रवार-शनिवार की रात 10 साल में दूसरी सबसे सर्द रात रही। पचमढ़ी में पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया। IMD (मौसम विभाग) भोपाल के अनुसार, नीमच, मंदसौर, धार, शाजापुर, राजगढ़, सागर, सिवनी, जबलपुर, कटनी, शहडोल, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी में सर्द हवा चलेंगी। वहीं, सीहोर, रायसेन, विदिशा में सर्द हवा चलने के साथ कोल्ड डे भी रहेगा। नरसिंहपुर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।
सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि उत्तर भारत में बर्फबारी होने से सर्द हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। इस वजह से ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 296 किमी प्रतिघंटा की गति से सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। पहले यह रफ्तार 278 किमी प्रतिघंटा थी। हवा की ऊंचाई कम होने पर ठंड का असर और भी बढ़ जाएगा।
यह भी पढे़ं: शंभू बॉर्डर से आज फिर दिल्ली कूच करेंगे किसान, पुलिस ने की मल्टी लेयर बैरिकेडिंग, इंटरनेट बंद
इससे पहले शुक्रवार-शनिवार की रात में प्रदेश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड रही। प्रदेश में लगातार छठवीं रात कड़ाके की ठंड रही। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 2 डिग्री रहा। बता दें कि इस साल दिसंबर की सर्दी ने ट्रेंड बदल दिया है। पिछले 10 साल का रिकॉर्ड और ट्रेंड देखें तो दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ती रही है, लेकिन इस बार पहले ही पखवाड़े में तेज सर्दी का असर है।