मंत्री बिसाहूलाल ने राजपूत महिलाओं को घर से बाहर निकालने की कही बात, कांग्रेस ने बताया राजपूतों का अपमान

बिसाहूलाल सिंह ने नारी रत्न सम्मान समारोह के आयोजन के दौरान यह बात कही, खाद्य आपूर्ति ने कहा कि जब तक राजपूत महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक समाज में समानता नहीं आएगी

Updated: Nov 26, 2021, 04:51 AM IST

भोपाल। हमेशा अपनी बेतुकी और विवादित बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहने वाले शिवराज सरकार में मंत्री बिसाहूलाल सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मर्तबा वे राजपूत समाज के महिलाओं को लेकर दिए अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। भाजपा नेता ने कहा है कि जब तक राजपूत महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक समाज में समानता नहीं आएगी। बिसाहूलाल के बयान को कांग्रेस पार्टी ने राजपूत समाज का अपमान करार दिया है। 

शिवराज सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ठाकुर लोग अपने घर की महिलाओं को घर के बाहर नहीं निकलने देते। ठाकुरों की महिलाओं को घर से पकड़कर बाहर निकालो। तभी समाज में समानता आएगी। 

बिसाहूलाल सिंह ने यह बात जिस आयोजन के दौरान कही, उस आयोजन का नाम नारी रत्न सम्मान समारोह था। भाजपा नेता ने राजपूत समाज के पुरुषों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बड़े बड़े ठाकुर लोग अपने घर की महिलाओं को कंधा से कंधा मिलाकर चलने नहीं देते, वे महिलाओं को घर की चाहरदिवारी में कैद कर रखते हैं। अगर समाज में समानता स्थापित करनी है तो ठाकुरों की महिलाओं को घर से पकड़कर बाहर निकालो, समाज के साथ काम कराओ, तभी समानता आएगी। 

भाजपा ने अपमान का काम शुरू कर दिया है: सलूजा 

बिसाहूलाल सिंह का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भाजपा नेता के वायरल वीडियो को साझा करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि बीजेपी ने पहले ब्राह्मण-बनिया समाज और राजपूत समाज को भी अपमानित करने का काम शुरू कर दिया है। रामेश्वर शर्मा के बाद अब मंत्री बिसाहूलाल सिंह राजपूत समाज की महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए पाए गए हैं। इसके पहले मुरलीधर राव बनिया व ब्राह्मण समाज का अपमान कर ही चुके हैं।

खाद्य आपूर्ति मंत्री के इस विवादित बयान का तमाम राजपूत संगठन विरोध कर रहे हैं। करणी सेना ने आज भोपाल में बिसाहूलाल सिंह के बंगले के बाहर भाजपा नेता का पुतला दहन करने की बात कही है। करणी सेना भोपाल के अध्यक्ष अजीत सिंह सोलंकी ने भोपाल के चार इमली स्थित B11 बंगले के बाहर शुक्रवार सुबह ग्यारह बजे बिसाहूलाल सिंह का पुतला फूंकने का एलान किया है।