शिवराज सरकार ने सिर्फ झूठ का पुलिंदा लहराया, MP में कांग्रेस पेश करेगी अगला बजट: पूर्व वित्त मंत्री

हम सरकार से मांग करते हैं कि अब सरकार हिसाब यात्रा निकाले। पिछले 18 सालों का हिसाब दिया जाए, शिवराज सरकार की घोषणाएं आज तक धरातल पर नहीं उतरी: तरुण भनोट

Updated: Feb 28, 2023, 08:52 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार एक बार फिर 3 हजार करोड़ का कर्ज लेने जा रही है। इसे लेकर पूर्व मंत्री तरुण भनोट ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने कहा कि शिवराज सरकार ने कर्जखोरी के अलावा कुछ नहीं किया। राज्य सरकार पूरी तरह से कर्ज में डूब चुकी है। उन्होंने दावा कि अगला बजट कांग्रेस की सरकार पेश करेगी। 

मध्य प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट ने कहा कि शिवराज सरकार ने 18 साल से सिर्फ झूठ का पुलिंदा लहराया है। हम सरकार से मांग करते हैं कि अब सरकार हिसाब यात्रा निकाले। पिछले 18 सालों का हिसाब दिया जाए। बीते 18 साल में सरकार ने जो घोषणाएं की है उनमें से आज तक धरातल पर कुछ भी नहीं उतरा है। सरकार कर्ज पर कर्ज लेती जा रही है। सरकार पूरी तरह कर्ज में डूब चुकी है। लाखों करोड़ों से भी ज्यादा का कर्ज अबतक लिया जा चुका है।

यह भी पढ़ें: विकास यात्रा में विरोध झेलने वाले विधायकों के टिकट काटेगी बीजेपी, चुनाव में बड़े नुकसान का सता रहा है डर

वहीं कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश पर चार लाख करोड़ का कर्ज है। रिजर्व बैंक का कर्ज नहीं भरने पर शासकीय संपत्तियों को बेच रहा है। सरकारी संपत्तियों को बेच कर सरकार कर्ज ले रही है। पटवारी ने बीजेपी कार्यालय में सरकारी पैसे से खाना खिलाने का मुद्दा फिर उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्ज लेकर अपने कार्यकर्ताओं पर पैसे खर्च कर रही है। बीजेपी कार्यालय में 9 करोड़ रुपये खाने पर खर्च किया। सरकार ने 40 करोड़ से ज्यादा अपने कार्यकर्ताओं को चाय नाश्ता और खाना खिलाने में खर्च कर दिया।

बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार 1 मार्च को बजट से पहले 28 फरवरी को 3 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेगी। सरकार 30 दिन में 5वीं बार कर्ज लेने जा रही है। इस बार सरकार 20 साल के लिए आरबीआई के माध्यम से 3 हज़ार करोड़ रुपये का लोन लेगी। 1 मार्च 2043 तक ऋण चुकाना होगा। फरवरी महीने में औसतन सरकार ने प्रतिदिन 500 करोड़ रुपए कर्ज लिए हैं।