सागर में धार्मिक गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में पथराव, पुलिस ने दागे टियर गैस, 17 गिरफ्तार

सागर कैंट थाना क्षेत्र के सदर 12 मुहाल की घटना, धार्मिक गाना बजा रहे ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों को पीटने से शुरू हुआ विवाद, एक युवक को लगा चाकू।

Updated: Mar 31, 2024, 01:14 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में धार्मिक गाने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला
शहर के कैंट थाना क्षेत्र के सदर 12 मुहाल का है। यहां ई-रिक्शा में धार्मिक गाना बजाने को लेकर चालक की पिटाई की गई। इसके बाद दो समुदाय आमने सामने आ गए।

घटना सागर कैंट थाना क्षेत्र के सदर 12 मुहाल की है। मामला रात करीब 11 बजे तक शुरू हुआ। जब राहुल राठौर नाम का ई रिक्शा चालक 12 मुहाल से अपना  रिक्शा लेकर निकल रहा था। इस दौरान उसके रिक्शे में धार्मिक गाना बज रहा था। इसी को लेकर वहां पर विवाद की स्थिति बनी। आटो चालक राहुल का कहना है कि 12 मुहाल के पास दूसरे समुदाय के लोगों ने उसे रोका और गाना बजाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोपितों में से ही कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका रिक्शा भी तोड़ दिया।

मारपीट की जानकारी जब दूसरे पक्ष को लगी तो वह भी इकठ्ठा हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इस विवाद में एक युवक को चाकू भी मारा गया। 

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 आरोपितों की पहचान की है। उनकी गिरफ्तारी की है। वर्तमान में आचार संहिता के कारण धारा 144 भी लगी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत किसी भी प्रकार की सभा के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी सभा का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है।