कर्नाटक में हार के बाद एमपी बीजेपी में खलबली, सभी MLAs को क्षेत्र में रहने का निर्देश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का दावा है कि मध्य प्रदेश में भी भाजपा का कर्नाटक जैसा हाल होगा, वहीं भाजपा ने अपने मंत्री, विधायक और सांसदों को क्षेत्र में रहने के निर्देश दिए हैं।

Updated: May 14, 2023, 12:08 PM IST

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा का सुपड़ा साफ कर दिया है। राज्य में कांग्रेस प्रचंड बहुमत हासिल करने में सफल रही है। कर्नाटक में मिली करारी हार के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी में भी खलबली मच गई है। शीर्ष नेतृत्व ने मध्य प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक और सांसदों को तत्काल प्रभाव से अपने क्षेत्रों में जाने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, कर्नाटक चुनाव नतीजों का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। कर्नाटक में एकतरफा जीत से उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता एक ओर जहां जश्न मना रहे हैं। वहीं, भाजपा खेमे में सन्नाटा है। केंद्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश नेतृत्व को अब मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव हारने का डर सता रहा है। कर्नाटक के चुनावी नतीजों को आरएसएस ने मध्य प्रदेश के लिए खतरे की घंटी बताया है।

यह भी पढ़ें: सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार, मंथन के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

सूत्रों के मुताबिक सत्ताधारी दल ने पार्टी के सभी मंत्री, विधायक और सांसदों को तत्काल अपने क्षेत्रों में जाने के निर्देश दिए हैं। उन्हें कहा गया है कि वे लगातार क्षेत्रों में रहें और भाजपा सरकार की बखान करें। बताया जा रहा है कि हाई कमान ने प्रदेश इकाई को मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों का बखान करने का निर्देश दिया है। 

दरअसल, केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि राज्य सरकार को लेकर मध्य प्रदेश के लोगों में नाराजगी है। ऐसे में केंद्र की उपलब्धियों का बखान कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया जा सकता है। इसके लिए 30 मई से लेकर 30 जून तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आर्टिकल 370, राम मंदिर, तीन तलाक जैसे मुद्दों पर बात किया जाएगा। ताकि लोगों महंगाई, बेरोजगारी व अन्य मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके।

कर्नाटक चुनाव नतीजों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि यहां हम कर्नाटक से भी ज्यादा सीट हासिल करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट के मुताबिक कर्नाटक 6 फीसदी वोट स्विंग हुई। यदि मध्य प्रदेश में ऐसा होता है, तो हम 180 सीटें जीतेंगे। जाट ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस हर हाल में 150 सीट तो लाएगी ही।