जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उसका मन कांग्रेस के पक्ष में है: निकाय चुनाव के नतीजों पर बोले कमलनाथ

कांग्रेस के खाते में दो नगर पालिका की सीट और 6 नगर परिषद की सीट आई है। जबकि सत्ताधारी दल ने चार नगर पालिका और 6 नगर परिषद में जीत दर्ज की है।

Updated: Jan 23, 2023, 02:07 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में 20 जनवरी को हुए नगरीय निकाय चुनाव की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। सभी 19 निकायों के रिजल्ट आ गए हैं। कांग्रेस ने इस चुनाव में 8 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं सत्ताधारी दल भाजपा 10 सीटें जीतने में कामयाब रही। अनूपपुर की जैतहरी नगर परिषद में दो निर्दलीय पार्षद किंगमेकर होंगे। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने चुनाव नतीजों पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, "प्रदेश में 19 नगर निकाय में हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने आठ निकाय चुनाव में स्पष्ट जीत हासिल की है। वहीं बाकी सीटों पर पुलिस, पैसा और प्रशासन के बल पर कांग्रेसी प्रताशियों को जीतने से रोका गया। मैं सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देता हूं और उन प्रत्याशियों को भी बधाई देता हूं, जिन्होंने लोकतंत्र के यज्ञ में भाग लिया।"

पूर्व सीएम ने आगे लिखा कि, "जनता ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उसका मन कांग्रेस के पक्ष में है। मैं सभी नगर निकाय की जनता को इस प्रेम और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देता हूं। जय मध्य प्रदेश। जय मध्य प्रदेश की जनता। जय मध्य प्रदेश। जय मध्य प्रदेश की जनता।"

यह भी पढ़ें: धार में कांग्रेस की शानदार जीत, 9 में से 6 निकायों पर जमाया कब्जा, 3 पर सिमटी बीजेपी

कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में शानदार जीत दर्ज की है। यहां 24 सीटों में से 16 पर कांग्रेस के विजय पताका फहराया है। उधर धार में कांग्रेस ने 9 में से 6 सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि सत्ताधारी दल भाजपा सिर्फ 3 निकायों पर सिमटकर रह गई। यह स्थिति तब है जब धार में स्वयं सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा चुनाव प्रचार में उतर गए थे।