इंदौर में तीन छात्राओं ने खाया जहर, दो की मौत एक अस्पताल में भर्ती, आष्टा से इंदौर आई थीं तीनों युवतियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक का प्रेमी रुठ गया था तो दूसरी से माता-पिता लड़ते थे, तीसरी ने घबराहट में आकर जहर खा लिया, तीनो युवतियां आष्टा की रहने वाली हैं।

Updated: Oct 29, 2022, 04:28 AM IST

इंदौर। आष्टा की तीन छात्राओं ने इंदौर में शुक्रवार देर शाम जहर खा लिया। इनमें दो की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना राजेन्द्र नगर इलाके के रीजनल पार्क की है। छात्राओं का नाम आरती, पलक और पूजा है। तीनों ग्राम पखनी, आष्टा जिला सिहोर की रहने वाली हैं। तीनों ही मार्डन हाई स्कूल आष्टा की 12वीं की छात्राएं हैं।

आरती ने बताया कि जहर पलक ही लेकर आई थी। पलक का प्रेमी रोहित राठौर बात नहीं कर रहा था। माता-पिता सगाई करना चाहते थे। पलक ने रोहित को काल लगाया लेकिन उसने मिलने से मना कर दिया और कहा कि घर चली जाओ। इस कारण उसने जहर खाने का ठान लिया।

यह भी पढ़ें: बैनर-पोस्टर के लिए अवैध वसूली कर रहे BJP MLA रामेश्वर शर्मा, RSS कार्यकर्ता का बेनाम पत्र वायरल

उधर पूजा अपने माता-पिता से परेशान थी। उसके माता पिता अक्सर लड़ाई करते थे। घरेलू क्लेश से वह तंग आ गई थी। इसलिए उसने भी जहर खाने का मन बना लिया। और दोनों सहेलियों ने जहर खा लिया। आरती के मुताबिक जब पलक और पूजा ने जहर खा लिया। दोनों की तबीयत खराब हुई तो वह घबरा गई और उसने भी जहर खा लिया।

रिक्शा चालक ने तीन बच्चियों को गंभीर अवस्था में देख उन्हें एमवाय अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान पलक और पूजा की मौत हो गई। जबकि आरती की हालत गंभीर बनी हुई है।