दमोह में नोहटा पुल के पास ट्रैवलर वाहन पलटा, 9 घायल, 2 की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में नोहटा पुल के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीर्थ यात्रा पर जा रहे एक ट्रैवलर वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 17 यात्रियों में से 9 लोग घायल हो गए।

Updated: Dec 09, 2024, 04:06 PM IST

दमोह| मध्य प्रदेश के दमोह जिले में नोहटा पुल के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीर्थ यात्रा पर जा रहे एक ट्रैवलर वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 17 यात्रियों में से 9 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब लखनादौन और जबलपुर के यात्री वृंदावन की ओर जा रहे थे। वाहन के नोहटा पुल पार करते समय अचानक अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई।

घायलों में एक बच्चा और एक युवक की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का इलाज दमोह जिला अस्पताल में जारी है। स्थानीय प्रशासन की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढे़ं: उज्जैन में तेज रफ्तार एसयूवी पेड़ से टकराई, भाजपा नेता के दामाद और भांजे की मौत, बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल

घटना के बाद मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा और सीएसपी अभिषेक तिवारी ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वाहन में कुल 17 लोग सवार थे, जो तीर्थ यात्रा के लिए मथुरा और वृंदावन जा रहे थे। यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और वाहन पलट गया।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी का अनियंत्रित होना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।