तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को मिले विभाग, पुरानी ज़िम्मेदारी ही संभालेंगे

तुलसी सिलावट और गोविन्द सिंह राजपूत को उनके पुराने विभाग ही फिर से सौंपे गए हैं

Updated: Jan 04, 2021, 07:51 PM IST

Photo Courtesy : Free Press Journal
Photo Courtesy : Free Press Journal

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से नवनियुक्त मंत्रियों तुलसीराम सिलावट और गोविन्द सिंह राजपूत को उनके विभाग सौंप दिए गए हैं। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। दोनों ही मंत्री अपने पुराने विभाग ही संभालेंगे, जो उन्हें प्रदेश में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद दिए गए थे।

तुलसीराम सिलावट को जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास की ज़िम्मेदारी दी गई है। तो वहीं गोविन्द सिंह राजपूत को राजस्व और परिवहन विभाग की ज़िम्मेदारी दी गई है। दोनों ही नेताओं को उपचुनाव परिणाम आने के बाद मंत्री पद पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई। 

सिलावट और गोविंद राजपूत को उपचुनाव से पहले अक्टूबर महीने में मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था, क्योंकि बिना विधायक रहे मंत्री पद पर उनके 6 महीने पूरे हो गए थे। इसके बाद दोनों नेता उपचुनाव में जीत कर आए हैं। तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा सीट से प्रेम चंद गुड्डू को हराया था जबकि गोविन्द सिंह राजपूत ने सुरखी से पारुल साहू को हराया था।