मध्य प्रदेश कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट हैक, क्रिप्टोकरेंसी के समर्थन में किए गए ट्वीट

मध्य प्रदेश कांग्रेस का ट्विटर एकाउंट गुरुवार रात 11:15 बजे हैक हो गया था, जिसे देर रात 1:01 बजे सफलता पूर्वक रिकवर कर लिया गया।

Updated: Dec 23, 2022, 04:29 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस का ट्विटर हैंडल गुरुवार देर रात हैक हो गया था। अकाउंट हैक करने के बाद हैकर ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से एक के बाद एक 6 ट्वीट किए। ये सभी ट्वीट क्रिप्टो करेंसी के समर्थन में किए गए थे। हालांकि, दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस कि साइबर सेल ने अकाउंट को रिकवर कर लिया।

अकाउंट रिकवर होने के बाद कांग्रेस ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश कांग्रेस का ट्वीटर अकाउंट रात्रि 11:15 बजे हैक हुआ था जिसे 1:01 बजे सफलता पूर्वक रिकवर कर लिया गया है।धन्यवाद।'

कांग्रेस सोशल मीडिया टीम से जुड़े लोगों ने बताया कि हैकर्स ने कुल 6 ट्वीट किए थे। इन ट्वीट्स में क्रिप्टो करेंसी से जुड़े RIPPLE वेबसाइट को प्रमोट किया गया था। हैकर ने खाते का डीपी भी चेंज किया था। हैकिंग की जानकारी मिलते ही कांग्रेस की साइबर सेल देर रात सक्रिय हो गई। ट्विटर सपोर्ट को मेल किया और काफी जद्दोजहद के बाद रात के एक बजे अकाउंट को रिकवर किया।

बता दें कि इसी साल जनवरी में मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट भी हैक कर लिया गया था। उसे रिकवर करने में काफी समय लगे थे। दरअसल, क्रिप्टो मार्केट डाउन होने के कारण निवेशक परेशान हैं। इसलिए वे क्रिप्टो करेंसी का प्रचार प्रसार करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं।